सूरत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सूरत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती दिनों को याद किया। उन्होंने हाल ही में हुए निकाय चुनावों में भाजपा की रिकॉर्ड जीत का जिक्र करते हुए कहा कि सूरत और गुजरात की जनता ने उनके राजनीतिक जीवन के पुराने रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं। प्रधानमंत्री ने जनता का आभार जताते हुए इसे भाजपा के सेवाभाव और विकास मॉडल पर जनता के विश्वास का परिणाम बताया।
'1987 में राजनीति में आया, तब से विजय यात्रा जारी है'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनका सक्रिय राजनीतिक जीवन वर्ष 1987 में शुरू हुआ था। उन्होंने बताया कि सूरत और अहमदाबाद के निकाय चुनाव उनके राजनीतिक सफर के शुरुआती चुनावों में शामिल थे और उस समय भी भाजपा को बड़ी जीत मिली थी। उन्होंने कहा कि तब शुरू हुई विजय यात्रा आज तक लगातार जारी है।
निकाय चुनाव में रिकॉर्ड जीत का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल ही में गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि जनता ने इतने बड़े स्तर पर समर्थन दिया कि पुराने सभी रिकॉर्ड टूट गए। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि इस बार उनके अपने राजनीतिक रिकॉर्ड भी जनता ने तोड़ दिए हैं।
'जनता का आशीर्वाद मिलना बड़ी बात'
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में किसी राजनीतिक दल को इतने लंबे समय तक जनता का समर्थन मिलना बहुत बड़ी बात होती है। उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता ने भाजपा के सेवाभाव को स्वीकार किया है और यही समर्थन पार्टी को लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
'सूरत सिर्फ शहर नहीं, एक स्पिरिट है'
सूरत की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह केवल एक शहर नहीं बल्कि एक स्पिरिट है। उन्होंने कहा कि लगातार स्वच्छता पुरस्कार जीतने के बावजूद सूरत ने सफाई को अपनी प्राथमिकता बनाए रखा है। यही कारण है कि सूरत पूरे देश के लिए एक उदाहरण बन चुका है।
प्लेग से स्वच्छता मॉडल तक का सफर
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय था जब सूरत प्लेग जैसी महामारी के कारण चर्चा में था, लेकिन आज वही शहर देश के सबसे स्वच्छ शहरों में गिना जाता है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव पिछले ढाई दशकों में जनता, प्रशासन, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों से संभव हुआ है।
विकसित गुजरात और विकसित भारत का दोहराया संकल्प
प्रधानमंत्री ने कहा कि निकाय चुनावों में मिली जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं बल्कि सेवा के मिशन को आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अधिक मेहनत करने और विकसित गुजरात तथा विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।