ओस्लो: भारत के युवा ग्रैंडमास्टर R Praggnanandhaa ने नॉर्वे चेस 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। 20 वर्षीय प्रज्ञानानंदा इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। फाइनल राउंड में उन्होंने जर्मनी के Vincent Keymer को हराकर कुल 18 अंकों के साथ चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
आखिरी दौर में बदली बाजी, प्रज्ञानानंदा बने चैंपियन
टूर्नामेंट के अंतिम दिन प्रज्ञानानंदा 15 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर थे। उन्होंने क्लासिकल मुकाबले में जीत दर्ज कर 3 महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। दूसरी ओर अमेरिकी ग्रैंडमास्टर Wesley So का मुकाबला ड्रॉ रहा और फैसला आर्मागेडन टाईब्रेकर में पहुंचा। टाईब्रेकर जीतने के बावजूद वेस्ली को केवल 1.5 अंक मिले, जिससे उनका कुल स्कोर 17 अंक रहा और प्रज्ञानानंदा एक अंक की बढ़त के साथ चैंपियन बन गए।
वर्ल्ड नंबर-1 कार्लसन को दो बार दी मात
इस टूर्नामेंट में प्रज्ञानानंदा की सबसे बड़ी उपलब्धियों में सात बार के नॉर्वे चेस चैंपियन और दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी Magnus Carlsen को दो बार हराना रहा। वह भारत के दूसरे खिलाड़ी बने जिन्होंने एक ही टूर्नामेंट में कार्लसन को दो बार पराजित किया। इससे पहले यह उपलब्धि Viswanathan Anand ने 2007 में हासिल की थी।
आनंद और गुकेश भी नहीं जीत पाए थे यह खिताब
नॉर्वे चेस की शुरुआत 2013 में हुई थी, लेकिन अब तक कोई भारतीय खिलाड़ी यह खिताब नहीं जीत सका था। भारतीय शतरंज के दिग्गज विश्वनाथन आनंद और मौजूदा विश्व चैंपियन D Gukesh भी इस टूर्नामेंट में चैंपियन नहीं बन पाए थे। प्रज्ञानानंदा ने पहली बार भारत को यह गौरव दिलाया। टूर्नामेंट में गुकेश 8 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहे।
महिलाओं में बिबिसारा आसाउबायेवा बनीं विजेता
महिला वर्ग में Bibisara Assaubayeva ने 16.5 अंकों के साथ खिताब अपने नाम किया। चीन की Zhu Jiner दूसरे और यूक्रेन की Anna Muzychuk तीसरे स्थान पर रहीं। भारत की Divya Deshmukh पांचवें और Koneru Humpy छठे स्थान पर रहीं।
क्या है आर्मागेडन फॉर्मेट?
नॉर्वे चेस दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित शतरंज टूर्नामेंटों में गिना जाता है। यदि क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ हो जाता है तो परिणाम निकालने के लिए आर्मागेडन मुकाबला खेला जाता है। इसमें सफेद मोहरों वाले खिलाड़ी को अधिक समय मिलता है, लेकिन उसे जीतना अनिवार्य होता है। यदि मुकाबला ड्रॉ रहता है तो काले मोहरों वाला खिलाड़ी विजेता माना जाता है।