बिहार में सरकारी आवास को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने के नोटिस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर सरकार को आवास खाली कराना है तो फोर्स बुलाकर कार्रवाई करे, लेकिन वे खुद यह घर खाली नहीं करेंगी।
सरकार ने जारी किया था आवास खाली करने का निर्देश
राज्य सरकार ने नेता प्रतिपक्ष के लिए हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया है। भवन निर्माण विभाग के अनुसार 25 नवंबर 2025 को जारी आदेश के तहत नया आवास उपलब्ध कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद सर्कुलर रोड स्थित आवास संख्या-10 अभी तक खाली नहीं किया गया है।
पटना एयरपोर्ट पर राबड़ी देवी का तीखा जवाब
शनिवार को पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान राबड़ी देवी ने कहा, "हम तो चाहते हैं कि फोर्स बुलाकर खाली करा लें। अगर सरकार को घर खाली कराना है तो प्रशासन का इस्तेमाल करे, लेकिन हम अपनी जगह नहीं छोड़ेंगे।"
मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित हो चुका है बंगला
भवन निर्माण विभाग के मुताबिक 27 मई 2026 को जारी आदेश के तहत यह सरकारी आवास पशु संसाधन एवं डेयरी मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। ऐसे में नए आवंटन को प्रभावी बनाने के लिए वर्तमान आवास खाली कराना जरूरी बताया गया है।
लालू परिवार फिलहाल इसी आवास में रह रहा है
गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव अपने परिवार के साथ फिलहाल इसी सरकारी आवास में रह रहे हैं। विभाग ने सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद आवास खाली कराने की प्रक्रिया तेज करने के संकेत दिए हैं।
बढ़ सकती है सियासी तकरार
राबड़ी देवी के बयान के बाद यह मुद्दा राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में सरकार और राजद के बीच इस मामले को लेकर टकराव और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।