नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इस उपलब्धि पर राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए इसे भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का महत्वपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में इतने बड़े और विविधतापूर्ण देश का लगातार तीन बार जनादेश हासिल करना असाधारण उपलब्धि है।
मोदी ने लगातार कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाया
राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 10 जून 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4,399 दिन पूरे कर लिए, जिससे उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक आंकड़ा नहीं बल्कि करोड़ों भारतीयों के भरोसे और लोकतांत्रिक समर्थन का प्रतीक है।
140 करोड़ लोगों का विश्वास जीतना आसान नहीं
राघव चड्ढा ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां 140 करोड़ से अधिक लोग, 22 अनुसूचित भाषाएं, सैकड़ों बोलियां, विभिन्न धर्म, जातियां और संस्कृतियां मौजूद हैं। ऐसे विशाल और विविध देश में जनता का भरोसा एक बार जीतना भी बड़ी उपलब्धि है, लेकिन लगातार तीन बार जनादेश प्राप्त करना लोकतांत्रिक इतिहास की असाधारण घटना है। उन्होंने कहा कि 2014, 2019 और 2024 में जनता ने लगातार मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया।
नेहरू और मोदी के दौर की तुलना की
राघव चड्ढा ने कहा कि पंडित नेहरू का कार्यकाल उस समय था जब कांग्रेस का देश की राजनीति में व्यापक दबदबा था और विपक्ष अपेक्षाकृत कमजोर था। वहीं नरेंद्र मोदी ने गठबंधन युग, मजबूत क्षेत्रीय दलों और कड़ी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा वाले दौर में अपनी राजनीतिक सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि ऐसे माहौल में लगातार जनता का समर्थन बनाए रखना कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण कार्य है।
पूर्ण बहुमत से लेकर गठबंधन नेतृत्व तक की सफलता
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 और 2019 में अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया, जो 1984 के बाद पहली बार संभव हुआ था। इसके बाद 2024 में उन्होंने सफल गठबंधन बनाकर सरकार का नेतृत्व किया। राघव चड्ढा के अनुसार यह दिखाता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने बदलते राजनीतिक परिदृश्य में भी जनता का विश्वास कायम रखा है।
प्रधानमंत्री के समर्पण को किया सलाम
राघव चड्ढा ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी के समर्पण और नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि भारतीय मतदाताओं की लोकतांत्रिक समझ को भी नमन किया जाना चाहिए, जिन्होंने बार-बार अपने मताधिकार के माध्यम से नेतृत्व का चयन किया है।