उत्तराखंड: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी गुरुवार (4 जून 2026) से दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। इस दौरे को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की रणनीतिक तैयारियों के तौर पर देखा जा रहा है, जहां संगठन को मजबूत करने और चुनावी एजेंडा तय करने पर खास फोकस रहेगा।
अल्मोड़ा में बड़ी जनसभा, पूर्व सैनिकों से संवाद
राहुल गांधी अपने दौरे की शुरुआत अल्मोड़ा में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करके करेंगे। इसके बाद वे पौड़ी में पूर्व सैनिकों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं व सुझावों पर चर्चा करेंगे। रात का विश्राम वे देहरादून में करेंगे।
संगठनात्मक बैठक पर रहेगा जोर
अगले दिन यानी 5 जून को राहुल गांधी देहरादून में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और विभिन्न विंग्स के साथ अहम बैठक करेंगे। इसमें महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, NSUI और सेवादल के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस बैठक में संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी उत्तराखंड में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। अब तक करीब 200 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की जा चुकी है। साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा भी जल्द होने की संभावना है।
गुटबाजी खत्म कर एकजुटता पर फोकस
पार्टी नेतृत्व का फोकस आंतरिक गुटबाजी को खत्म कर संगठन को एकजुट करने पर है। राहुल गांधी का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने और कांग्रेस को चुनावी मोड में लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।