जयपुर: राजस्थान के किसानों और युवाओं के लिए शनिवार का दिन अहम रहने वाला है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के राजस्थान दौरे के दौरान 66.74 लाख किसानों के खातों में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की छठी किस्त के 667.40 करोड़ रुपये DBT के जरिए ट्रांसफर किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश में हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी होगा। अमित शाह अपने दो दिवसीय राजस्थान दौरे के दौरान उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और अलवर में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
किसानों को मिलेगी सम्मान निधि की छठी किस्त
राजस्थान के 66.74 लाख लाभार्थी किसानों को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की छठी किस्त का इंतजार था। दौरे के दौरान 667.40 करोड़ रुपये सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजे जाएंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत भी 152 करोड़ रुपये DBT के माध्यम से जारी किए जाएंगे। इससे बड़ी संख्या में किसानों को आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है।
15 जिलों में 5,659 करोड़ के 944 प्रोजेक्ट
अमित शाह चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। इस दौरान 15 जिलों में 5,659 करोड़ रुपये की लागत वाले 944 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण प्रस्तावित है। इनमें 442 कार्यों का शिलान्यास और 502 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा।
अलवर में भी करोड़ों के प्रोजेक्ट की सौगात
इसके बाद अमित शाह अलवर पहुंचेंगे, जहां विजय नगर मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां 17 जिलों के लिए 6,453 करोड़ रुपये के 954 विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी। इनमें 387 परियोजनाओं का शिलान्यास और 567 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा सरस डेयरी के 200 करोड़ रुपये की लागत वाले नए प्लांट का शिलान्यास और मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण भी किया जाएगा।
10,548 युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
अमित शाह मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश के 10,548 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। सरकार की ओर से इसे रोजगार और विकास से जुड़े बड़े कार्यक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।
अमित शाह के दौरे को लेकर सुरक्षा सख्त
केंद्रीय मंत्री के दौरे को देखते हुए उदयपुर और अलवर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उदयपुर में डबोक एयरपोर्ट, सर्किट हाउस और सुखाड़िया सर्कल स्थित विश्राम गृह के आसपास के क्षेत्रों को निर्धारित अवधि के लिए नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। वहीं अलवर शहर में भी ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से निगरानी बढ़ा दी है और पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
उदयपुर से शुरू होगा दौरा
अमित शाह शनिवार रात उदयपुर पहुंचेंगे और यहां रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद रविवार सुबह चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा जाएंगे। कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वे उदयपुर लौटेंगे और फिर जयपुर के लिए रवाना होंगे। इसके बाद अलवर में जनसभा और विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम है।