Rajasthan Weather Today: राजस्थान में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर बनी हुई हैं, लेकिन पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में बारिश का दौर जारी है। सोमवार सुबह अलवर, धौलपुर और दौसा में बारिश हुई। बारिश के बाद कई जगह सड़कों पर पानी भर गया। अलवर में हालात ऐसे रहे कि स्कूली बच्चों को पानी के बीच से होकर स्कूल जाना पड़ा। वहीं दौसा के मेहंदीपुर बालाजी इलाके में तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी बहने लगा। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 12 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 अगस्त से राज्य में मानसून की गतिविधियां और कमजोर हो सकती हैं। ऐसे में पश्चिमी राजस्थान के साथ-साथ पूर्वी राजस्थान के भी कई हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
अलवर-दौसा में सुबह बारिश, सड़कों पर भरा पानी
सोमवार सुबह पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में अचानक मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई। अलवर में बारिश के कारण कई जगह सड़कों पर पानी जमा हो गया। पानी के बीच से बच्चों को स्कूल जाते हुए देखा गया, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दौसा जिले में भी महवा, मेहंदीपुर बालाजी और सिकराय क्षेत्र के कई गांवों में कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश हुई। मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र में तेज बारिश के चलते सड़क पर पानी बहने लगा। जिले में रविवार रात भी कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा।
धौलपुर के बाड़ी में 44 MM बारिश, उर्मिला सागर में 98 MM पानी
धौलपुर में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। जिले के बाड़ी क्षेत्र में रविवार रात शुरू हुआ बारिश का सिलसिला सोमवार सुबह करीब 8 बजे तक जारी रहा। सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसार बाड़ी क्षेत्र में पिछले 12 घंटे में 44 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं उर्मिला सागर बांध क्षेत्र में सबसे ज्यादा 98 MM बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा बसेड़ी में 55 MM, सैंपऊ में 51 MM और तालाबशाही बांध क्षेत्र में 30 MM बारिश हुई। धौलपुर जिले के अन्य इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई। शनिवार रात से रविवार सुबह के बीच सरमथुरा में 23 MM पानी बरसा था।
धौलपुर में अब तक 67.9 प्रतिशत बारिश
धौलपुर जिले में मानसून सीजन के दौरान औसतन 650 MM बारिश होती है। इस सीजन में अब तक जिले में 441.3 MM यानी 67.9 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। बारिश का असर जिले के बांधों में पानी की आवक पर भी दिखाई दे रहा है। रामसागर बांध की कुल भराव क्षमता 25.10 फीट है, जबकि इसमें अब तक 23.70 फीट पानी पहुंच चुका है। पार्वती बांध की क्षमता 223.41 मीटर बताई गई है और इसमें 221.75 मीटर पानी की आवक हो चुकी है। वहीं उर्मिला सागर बांध में 28.50 फीट की क्षमता के मुकाबले 22.90 फीट पानी है। तालाबशाही बांध में 11 फीट की क्षमता के मुकाबले 8.10 फीट पानी पहुंच चुका है। हालांकि उमरेह, हुसैनपुर और आरटी बांध में अभी पानी की आवक अपेक्षाकृत कम बनी हुई है।
अलवर के कठूमर में 57 MM बारिश
पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में पिछले दिनों भी बारिश दर्ज की गई। अलवर के कठूमर में 57 MM, रैणी में 45 MM और राजगढ़ में 39 MM बारिश हुई। भरतपुर के बरैठा में 46 MM, नदबई में 33 MM और रूपवास में 25 MM पानी बरसा। करौली के कुडगांव और सपोटरा में भी हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे पहले अलवर के लक्ष्मणगढ़ में करीब 75 MM यानी 3 इंच बारिश हुई थी। धौलपुर के बसेड़ी में बारिश के दौरान एक कच्चा मकान भी गिर गया था।
आज 12 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को राजस्थान के 12 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। हालांकि, प्रदेश में मानसून की स्थिति को देखते हुए 26-27 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में और कमी आने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
39 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार वर्तमान में राज्य के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण-पश्चिमी दिशा से शुष्क हवाएं प्रभावी हैं। इसके कारण पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में तापमान बढ़ सकता है। आने वाले दिनों में प्रदेश के कुछ शहरों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, जयपुर और अजमेर संभाग में भी अगले एक सप्ताह के दौरान मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने का अनुमान है। हालांकि कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ जिलों में 25 से 27 अगस्त के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पश्चिमी राजस्थान से ज्यादा गर्म रहा पूर्वी राजस्थान
बारिश की गतिविधियां कमजोर होने के बावजूद पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान फिलहाल अपेक्षाकृत कम बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर जैसे पश्चिमी जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। इसके विपरीत पूर्वी राजस्थान के जयपुर, पिलानी, सीकर, टोंक, झुंझुनूं और फतेहपुर जैसे क्षेत्रों में तापमान 35 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया।
राजस्थान के प्रमुख शहरों का मौसम
जयपुर में बढ़ी गर्मी और उमस
राजधानी जयपुर में रविवार को दिनभर मौसम साफ रहा और तेज धूप देखने को मिली। बारिश नहीं होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई और गर्मी के साथ उमस भी महसूस की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खास बात यह रही कि जयपुर का तापमान जैसलमेर और बाड़मेर समेत पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों से भी ज्यादा रहा।
कोटा में मौसम रहा शुष्क
कोटा में रविवार को पूरे दिन मौसम ड्राई रहा। धूप निकलने के कारण उमस बनी रही। यहां अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कोटा जिले में इस मानसून सीजन में अब तक करीब 291.8 MM बारिश दर्ज हुई है।
सीकर में बादल और धूप का दौर
सीकर में रविवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। कभी धूप निकली तो कभी बादल छाए रहे। यहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा। उमस में थोड़ी राहत महसूस की गई।
अजमेर में कमजोर पड़ा मानसून
अजमेर में पिछले करीब एक सप्ताह से मानसून की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं। बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस बढ़ रही है। रविवार को सुबह बादल दिखाई दिए, लेकिन बाद में धूप निकल आई। अजमेर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश की कमी का असर जिले के प्रमुख जलाशयों में पानी की आवक पर भी दिखाई दे रहा है।
उदयपुर में शाम को महसूस हुई ठंडक
उदयपुर में रविवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। दिन में धूप रही, लेकिन बीच-बीच में बादल भी छाए। शाम के समय मौसम में हल्की ठंडक महसूस हुई। उदयपुर का दिन का तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जिसमें करीब 0.5 डिग्री की गिरावट रही।
जोधपुर में मौसम साफ
जोधपुर में रविवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा। अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार जोधपुर में अगले दो दिन मौसम साफ रहने की संभावना है। इसके बाद हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन फिलहाल बारिश की संभावना कम है।
अलवर में गर्मी से मिली थोड़ी राहत
अलवर में रविवार को मौसम बदला हुआ रहा। जिले के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए, जबकि कुछ स्थानों पर धूप रही। पिछले दिनों की तुलना में गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हुई। रविवार को अलवर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार सुबह हुई बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी।
आगे कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?
राजस्थान में फिलहाल मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं है। पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में स्थानीय स्तर पर बारिश का दौर देखने को मिल रहा है, लेकिन पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 25 से 27 अगस्त के बीच कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है, लेकिन इसके बाद मानसून की गतिविधियों में और कमी आने के संकेत हैं। वहीं तापमान बढ़ने से कई जिलों में गर्मी और उमस दोबारा परेशान कर सकती है।