जमुई - बिहार के जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र में जेंडर परिवर्तन के बाद एक शिक्षिका द्वारा अपनी सहेली से विवाह करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों के विवाह का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल होने के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
शादी के लिए जेंडर परिवर्तन कराया
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के नजारी गांव की रहने वाली नैंसी बीपीएससी शिक्षिका हैं। उनका अपनी सहेली राखी के साथ लंबे समय से परिचय था। दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया। इसके बाद सामाजिक और कानूनी प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए जेंडर परिवर्तन कराया गया। बताया जाता है कि राखी ने दिल्ली के एक अस्पताल में जेंडर रीअसाइनमेंट सर्जरी कराई। सर्जरी के बाद उन्होंने अपना नाम बदलकर राज रख लिया। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, यह प्रक्रिया कुछ समय पहले पूरी हुई थी।
हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह किया
जेंडर परिवर्तन के बाद राज और नैंसी ने लक्ष्मीपुर क्षेत्र स्थित पटनेश्वर धाम मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह किया। विवाह के दौरान दोनों ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए। शादी की रस्मों के दौरान सिंदूरदान की भी प्रक्रिया पूरी की गई। विवाह समारोह में दोनों पक्षों के कुछ परिजन और परिचित भी मौजूद रहे। शादी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों के बीच इसकी चर्चा शुरू हो गई।
विवाह बना इलाके में चर्चा का विषय
विवाह से जुड़ा वीडियो विभिन्न इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया जा रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर लोग इस मामले को लेकर चर्चा कर रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, विवाह करने वाले दोनों पक्षों ने भी सार्वजनिक रूप से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी है। क्षेत्र में यह मामला जेंडर परिवर्तन के बाद विवाह को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोग इसे अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं, जबकि इंटरनेट मीडिया पर भी इसको लेकर विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।