नई दिल्ली. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून वापसी के बीच चक्रवाती गतिविधियों के कारण जोरदार बारिश लेकर आ रहा है। उत्तराखंड से लेकर बिहार-झारखंड तक अगले 3 दिनों में अच्छी बारिश के आसार हैं। दिल्ली उत्तर प्रदेश पंजाब-हरियाणा समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी घिरे बादलों तेज हवाओं के बीच हल्की बारिश अगले कुछ दिनों में हो सकती है। अगले 3-4 दिनों के बाद बंगाल बिहार से लेकर झारखंड तक लौटता मॉनसून का असर दिखेगा। कर्नाटक केरल तमिलनाडु पुडुचेरी और कराईकल में 9 से 11 अक्टूबर तक भारी बारिश देखने को मिलेगी। मौसम विभाग ने 14 राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत का मौसम
दिल्ली पंजाब हरियाणा में 9 से 14 अक्टूबर के बीच बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश देखने को मिलेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 9 से 11 अक्टूबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 9 से 11 अक्टूबर तक बारिश का साया रहेगा। पूर्वी राजस्थान में 12 अक्टूबर को हल्की बारिश होने का अनुमान है। दिल्ली एनसीआर में 10-11 अक्टूबर को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में भी 11 अक्टूबर को तेज हवाओं के साथ मौसम बदलेगा। मैदानी इलाकों में बादल और हवाओं का प्रभाव साफ दिखेगा।
उत्तराखंड-हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड में 9 से 14 अक्टूबर तक और जम्मू-कश्मीर लद्दाख में 9-10 13-14 अक्टूबर को तेज बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में पिथौरागढ़ चमोली रुद्रप्रयाग जैसे जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने चारधाम यात्रा में केदारनाथ और बद्रीनाथ के यात्रियों को भी सतर्क रहने को कहा है। हिमाचल प्रदेश में चंबा कुल्लू मनाली और शिमला में 13-14 अक्टूबर को बारिश के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर लद्दाख में भी तेज बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में इस दौरान आंधी तूफान और बिजली कड़कने से भी मौसम में काफी बदलाव देखने को मिलेगा। डोडा पुलवामा अनंतनाग पुंछ उधमसिंह नगर से लेकर श्रीनगर तक बारिश होने का अनुमान है।
बिहार-झारखंड और पूर्वी राज्यों में बारिश
बिहार-झारखंड की बात करें तो 9 से 11 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश कुछ इलाकों में हो सकती है। पटना रांची धनबाद समेत कई इलाकों में इस दौरान आंधी तूफान के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग ने बिहार गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में भी 8-9 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी दी है। अरुणाचल प्रदेश असम मेघालय नागालैंड मिजोरम और त्रिपुरा में भी अभी 14 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा। पूर्वी मध्य प्रदेश में 9 से 11 अक्टूबर और छत्तीसगढ़ में 14 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना है।
पूर्वी मध्य प्रदेश और सतर्कता
रीवा सतना शहडोल समेत पूर्वी एमपी के जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ 9 से 11 अक्टूबर के बीच बारिश होने की संभावना है। लौटते मॉनसून और स्थानीय प्रणालियों के सक्रिय होने से कई राज्यों में मौसम बदलेगा। यात्रियों किसानों और आम नागरिकों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतना जरूरी है। मौसम विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और आगे के अपडेट जारी करेगा।