मनाली। जून महीने में भी हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी ने पर्यटकों का उत्साह बढ़ा दिया है। शनिवार को रोहतांग दर्रे समेत शिंकुला और बारालाचा दर्रों में तीन इंच से अधिक फ्रेश स्नोफॉल दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव के कारण पर्यटक जून की गर्मी के बीच भी ठंड का अहसास कर रहे हैं।
रोहतांग और अटल टनल के पार उमड़ी पर्यटकों की भीड़
शनिवार को रोहतांग दर्रे के लिए करीब 1,200 पर्यटक वाहन रवाना हुए, जबकि अटल टनल के रास्ते लगभग 4,000 वाहन बारालाचा, शिंकुला, चंद्रताल, कुंजम और स्पीति घाटी की ओर निकले। बर्फबारी के बीच पर्यटकों ने प्राकृतिक सौंदर्य का भरपूर आनंद लिया।
मनाली और लाहौल घाटी में दिनभर बारिश
सुबह से ही मनाली और लाहौल घाटी में बारिश का दौर जारी रहा। इसके बाद करीब 11 बजे से रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा दर्रों में रुक-रुक कर हिमपात शुरू हुआ, जो शाम तक जारी रहा। बर्फ के फाहे गिरते देख पर्यटक बेहद उत्साहित नजर आए।
पर्यटन कारोबार को मिला बड़ा सहारा
पर्यटन कारोबारियों पूर्ण ठाकुर, चंद्रसेन, टीकम और जगदीश के अनुसार, रोहतांग दर्रे में पर्यटकों का स्वागत बर्फ के फाहों से हुआ। वहीं लाहौल के पर्यटन व्यवसायियों तेंजिन, टशी और पलजोर ने बताया कि दो हजार से अधिक वाहन दारचा के रास्ते बारालाचा और शिंकुला दर्रों की ओर गए। कई पर्यटक हल्की बर्फबारी के बीच लेह-लद्दाख की ओर भी रवाना हुए।
मनाली के होटल लगभग फुल
होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि समर सीजन अपने चरम पर है। वीकेंड के चलते मनाली में पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। शहर के बड़े और स्तरीय होटलों में ऑक्यूपेंसी 90 से 95 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
प्रशासन ने जारी की एडवायजरी
एसडीएम मनाली गुनजीत सिंह चीमा ने पर्यटकों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतना जरूरी है।