दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के बीच राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। संसद मार्ग, टॉलस्टाय मार्ग सहित कई संवेदनशील इलाकों में भारी बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो की सेवाओं पर भी असर पड़ा है। कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों पर सख्त कानून लाने और जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की बात दोहराई है।
आज देशभर में जिला स्तर पर प्रदर्शन करेगी CJP
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शुक्रवार को देशभर में जिला स्तर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट जारी कर छात्र संगठनों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। CJP का कहना है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
संसद मार्ग और टॉलस्टाय मार्ग पर बढ़ाई गई सुरक्षा
धरना-प्रदर्शन को देखते हुए संसद मार्ग और टॉलस्टाय मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही सीमित कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस और अन्य सुरक्षा बल लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
हिंसा की आशंका के बीच CRPF की 20 कंपनियां तैनात
हाल के विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई झड़पों और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए दिल्ली में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 20 कंपनियां तैनात की गई हैं। गृह मंत्रालय के निर्देश पर इन जवानों को पश्चिम बंगाल से बुलाया गया है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
इंटरनेट सेवा बंद, आम लोगों की बढ़ी परेशानी
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शन स्थल के दो किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। इसका असर आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों और व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ा है।
कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, रायसीना रोड, बाराखंबा रोड और अशोक रोड जैसे क्षेत्रों में इंटरनेट बंद होने से ऑनलाइन फूड डिलीवरी, कैब बुकिंग और अन्य डिजिटल सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
कनॉट प्लेस का कारोबार भी प्रभावित
सुरक्षा कारणों से कनॉट प्लेस क्षेत्र में कई प्रतिष्ठानों को समय से पहले बंद करने की सलाह दी गई। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने दुकानदारों, रेस्तरां संचालकों और कार्यालयों से गुरुवार शाम तक अपने प्रतिष्ठान बंद करने का अनुरोध किया।
एसोसिएशन के अनुसार, लगातार कई दिनों से चल रहे प्रदर्शन और सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण कनॉट प्लेस के करीब 2,000 व्यापारिक प्रतिष्ठानों और कार्यालयों का कामकाज प्रभावित हुआ है।
सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच बना रहा तनाव
गुरुवार को संसद मार्ग और टॉलस्टाय मार्ग पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच कई बार तनावपूर्ण स्थिति बनी। टॉलस्टाय मार्ग पर धक्का-मुक्की और झड़प के बाद पुलिस ने हालात नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज भी किया। संसद मार्ग पर भी सुरक्षा बल लगातार निगरानी में जुटे रहे।
प्रदर्शन में विभिन्न वर्गों के लोग शामिल
जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन में अब छात्रों के अलावा विभिन्न आयु वर्ग के लोग भी हिस्सा ले रहे हैं। कई राजनीतिक प्रतिनिधि भी आंदोलन स्थल पहुंचे। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की।
DMRC ने 17 मेट्रो स्टेशन किए बंद
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार सुबह 7:30 बजे से सुरक्षा कारणों के चलते 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने की एडवाइजरी जारी की है।
बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा रोड, सुप्रीम कोर्ट, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, सेवा तीर्थ और झंडेवालान शामिल हैं।
पेपर लीक पर प्रधानमंत्री का सख्त संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों के नाम जारी वीडियो संदेश में कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों पर सरकार और अधिक कठोर कदम उठाने जा रही है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट बैठक में सख्त कानून और कड़ी सजा के प्रावधानों पर चर्चा होगी
जेपी नड्डा ने तुड़वाया सोनम वांगचुक का अनशन
गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक ने 27 दिनों बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने उन्हें जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। हालांकि CJP ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।