नई दिल्ली। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके से बातचीत की है और उन्हें उनकी मंशा देशहित में लगी। वांगचुक ने कहा कि यदि 5 जून तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो वह 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होंगे।
अभिजीत दिपके के समर्थन में बोले सोनम वांगचुक
सोनम वांगचुक ने कहा कि अभिजीत दिपके बदलाव चाहते हैं और उनकी सोच गलत नहीं है। उन्होंने उन्हें एक देशभक्त व्यक्ति बताया और कहा कि देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर आवाज उठाना लोकतंत्र का हिस्सा है। वांगचुक ने लोगों से भी इस आंदोलन को समझने की अपील की।
6 जून को भारत लौटेंगे अभिजीत दिपके
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके 6 जून को अमेरिका से भारत लौटेंगे। उन्होंने पहले ही घोषणा की है कि वह दिल्ली पहुंचते ही पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाकर प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे और इसके बाद जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगे।
आम आदमी पार्टी से जुड़ चुके हैं अभिजीत दिपके
महाराष्ट्र के संभाजीनगर निवासी 30 वर्षीय अभिजीत दिपके डिजिटल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट हैं। वह 2020 से 2022 तक आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया अभियान से जुड़े रहे और दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के लिए ऑनलाइन प्रचार सामग्री तैयार करते थे। वर्तमान में वह अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशन में मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की थी CBI जांच की मांग
24 मई को सुप्रीम कोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े लोगों की गतिविधियों की CBI जांच की मांग वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया था। सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने याचिकाकर्ता के वकील से कहा था कि इस मुद्दे को अत्यधिक भावनात्मक तरीके से नहीं देखा जाना चाहिए। अब 6 जून को प्रस्तावित प्रदर्शन और सोनम वांगचुक के समर्थन के बाद इस पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक और सामाजिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं।