गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के बाद मामला अब राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। घटना को लेकर बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने भी प्रतिक्रिया दी है। वहीं इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मायावती ने बताया दुखद और चिंताजनक
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि गाजियाबाद में युवक सूर्या चौहान की हत्या बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए शासन और प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए तथा दोषियों की पहचान कर उन्हें कड़ी कानूनी सजा दिलाई जानी चाहिए।
डिप्टी सीएम का बड़ा बयान
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, "हत्यारा कोई भी हो, उसे खोज निकाला जाएगा। कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी और दोषियों को कठोर सजा दिलाई जाएगी। सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है।"
ईद के दिन हुई थी छात्र की हत्या
जानकारी के मुताबिक, खोड़ा की नवनीत विहार कॉलोनी में रहने वाला 17 वर्षीय सूर्या चौहान 11वीं कक्षा का छात्र था। आरोप है कि ईद के दिन उसके दोस्त असद ने उसे मिलने के बहाने बुलाया था। इसके बाद सूर्या पर चाकू से हमला किया गया। परिजनों का आरोप है कि पहले उसके पेट में चाकू मारा गया। गंभीर रूप से घायल सूर्या जान बचाने के लिए करीब 200 मीटर तक भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा कर दोबारा कई वार किए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा शव, बढ़ा आक्रोश
शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद सूर्या का शव घर पहुंचा तो इलाके में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। परिवार और स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए एनकाउंटर की मांग उठाई। मृतक की मां सरोज ठाकुर ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। परिवार का कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने नवनीत विहार की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी है और कई थानों की फोर्स तैनात की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।