तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर चल रही राजनीतिक हलचल के बीच टीवीके प्रमुख विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। विजय ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल को सहयोगी दलों के समर्थन पत्र सौंपे। कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML के समर्थन के बाद अब 121 विधायक टीवीके के साथ बताए जा रहे हैं, जिससे सरकार गठन का रास्ता लगभग साफ हो गया है।
राज्यपाल ने रद्द किया केरल दौरा
सूत्रों के अनुसार राज्यपाल शाम 7:10 बजे की फ्लाइट से केरल रवाना होने वाले थे, लेकिन उन्होंने अपना दौरा रद्द कर दिया। इससे पहले जब टीवीके और CPM के नेता विजय के लिए समय लेने पहुंचे थे, तब उन्हें बताया गया था कि राज्यपाल का पहले से कार्यक्रम तय है और वे केरल जाने वाले हैं।राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि यदि राज्यपाल का दौरा रद्द नहीं होता, तो विजय की मुलाकात टल सकती थी और सरकार गठन की प्रक्रिया भी अटक सकती थी।
121 विधायकों का मिला समर्थन
टीवीके के पास अब सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत का आंकड़ा मौजूद है। पार्टी ने राज्यपाल को वे समर्थन पत्र भी सौंप दिए हैं, जिनमें सहयोगी दलों ने औपचारिक रूप से समर्थन देने की बात कही है।
वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML), जो पहले डीएमके गठबंधन का हिस्सा रहे हैं, उन्होंने भी शनिवार को टीवीके को समर्थन देने की घोषणा की। इसके बाद टीवीके गठबंधन का आंकड़ा 118 के बहुमत से आगे निकल गया।
तमिलनाडु और केरल दोनों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं राज्यपाल
बता दें कि R. V. Arlekar इस समय तमिलनाडु के साथ-साथ केरल के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं। उधर केरल में भी नई सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं, जहां यूडीएफ गठबंधन को जीत मिली है।
तीन बार राज्यपाल से मिल चुके हैं विजय
सूत्रों के मुताबिक विजय पिछले कुछ दिनों में तीन बार राज्यपाल से मुलाकात कर चुके हैं। हर बार उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया, लेकिन पर्याप्त समर्थन पत्र न होने के कारण फैसला टलता रहा।अब टीवीके नेताओं का कहना है कि सभी आवश्यक समर्थन पत्र राजभवन में जमा करा दिए गए हैं और पार्टी सरकार गठन के लिए पूरी तरह तैयार है।