तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर तस्वीर अब लगभग साफ होती नजर आ रही है। विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) को वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) का समर्थन मिल गया है। इसके बाद टीवीके गठबंधन के समर्थन का आंकड़ा बढ़कर 120 विधायकों तक पहुंच गया है, जिससे विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता आसान हो गया है।
वीसीके ने बिना शर्त दिया समर्थन
शनिवार शाम वीसीके की अहम बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें टीवीके को समर्थन देने पर चर्चा हुई। बैठक के बाद पार्टी ने विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार को बिना किसी शर्त समर्थन देने का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला।
120 तक पहुंचा समर्थन का आंकड़ा
4 मई को आए विधानसभा चुनाव परिणामों ने तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया था। टीवीके ने डीएमके और एआईएडीएमके जैसी बड़ी पार्टियों को पीछे छोड़ते हुए सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सबको चौंका दिया था। हालांकि पार्टी 108 सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी और बहुमत के आंकड़े से 10 सीट पीछे रह गई थी।
इसके बाद कांग्रेस के पांच विधायकों ने टीवीके को समर्थन दिया। वहीं सीपीआई और सीपीएम के दो-दो विधायकों ने भी पार्टी के पक्ष में समर्थन का ऐलान किया। अब वीसीके और IUML के समर्थन के बाद गठबंधन का आंकड़ा 120 तक पहुंच गया है।
टीवीके ने समर्थन देने वाली सभी पार्टियों का आभार व्यक्त किया है। पार्टी नेता अर्जुन ने कहा कि विजय अब सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।