दिल्ली में संभावित आतंकी हमले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, इंटेलिजेंस एजेंसियों ने राजधानी में आतंकी हमले की आशंका जताई है। इसके बाद भाजपा मुख्यालय और आसपास स्थित सरकारी इमारतों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
DDU मार्ग पर बढ़ाई गई सुरक्षा
सूत्रों के मुताबिक, एजेंसियों को आशंका है कि दीन दयाल उपाध्याय (DDU) मार्ग स्थित कार्यालयों को निशाना बनाया जा सकता है। संभावित खतरे में आत्मघाती हमला, कार ब्लास्ट, गोलीबारी या IED विस्फोट जैसी गतिविधियां शामिल बताई जा रही हैं।स्थिति को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है।
अतिरिक्त जवानों की तैनाती
दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है। इसके साथ ही बैरिकेडिंग, वाहनों की रैंडम चेकिंग और सीसीटीवी निगरानी बढ़ा दी गई है।संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और विभिन्न एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम कर रही हैं।
हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
बम निरोधक दस्तों, स्निफर डॉग स्क्वॉड और क्विक रिएक्शन टीमों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। वहीं दिल्ली फायर सर्विस को भी सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।पुलिस अधिकारियों को खास तौर पर संवेदनशील इलाकों में लावारिस सामान, संदिग्ध वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।