कोलकाता: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता परितोष दत्ता को कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आयुक्त (CP) ने पुष्टि की है कि उन्हें बर्धमान से गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी सुरेंद्रनाथ कॉलेज हथियार मामले की जांच के दौरान हुई है।
गिरफ्तारी के बाद परितोष दत्ता को कोलकाता लाया जा रहा है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जाएगी।
कैसे सामने आया मामला?
जांच के दौरान सुरेंद्रनाथ कॉलेज परिसर से एक देसी सिंगल-शूटर पिस्तौल बरामद हुई थी। इसके बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया।
पुराने नोटों से बढ़ा शक
मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे कॉलेज प्रशासन ने ग्राउंड फ्लोर पर एक बंद कमरे का ताला तोड़कर जांच की, जहां दो सूटकेस मिले। इनमें 100 और 500 रुपये के पुराने, गंदे और फटे हुए नोट भारी मात्रा में भरे हुए थे।
ये सूटकेस कॉलेज के पीछे स्थित एक स्टोररूम से बरामद किए गए थे। मानसून से पहले सफाई अभियान के दौरान यह खुलासा हुआ।
जांच में क्या खुलासा?
पुलिस के अनुसार जांच में परितोष दत्ता का नाम सामने आया, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई थी। मामले की जांच में यह भी सामने आया कि कॉलेज परिसर में अवैध गतिविधियों और कमरों के इस्तेमाल को लेकर गंभीर आरोप हैं।
किन धाराओं में केस दर्ज?
मुचीपाड़ा पुलिस स्टेशन में इस मामले में BNS की धाराएं लगाई गई हैं:
- 61(2) – आपराधिक साजिश
- 329(4) – अवैध घुसपैठ
- 324(5) – संपत्ति को नुकसान
- 351(2) – आपराधिक धमकी
इसके अलावा आर्म्स एक्ट और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान रोकथाम अधिनियम भी लगाया गया है।
पुलिस का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी देबाशीष बनर्जी (पूर्व गवर्निंग बॉडी सदस्य) और वेंडर परितोष दत्ता पर आरोप है कि उन्होंने कॉलेज के कुछ कमरों और यूनियन रूम पर अवैध कब्जा कर उन्हें निजी उपयोग में लिया।
कॉलेज प्रशासन का आरोप
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि आरोपी कमरों की चाबियां मांगने पर धमकी देते थे और लंबे समय से परिसर पर नियंत्रण बनाए हुए थे।