कटड़ा - लगातार खराब मौसम के कारण पांच दिनों से बंद श्री माता वैष्णो देवी यात्रा शनिवार से दोबारा शुरू होने जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को देखते हुए श्राइन बोर्ड ने फिलहाल प्रतिदिन 10 हजार श्रद्धालुओं को ही दर्शन की अनुमति देने का फैसला किया है। प्रशासन का कहना है कि मौसम में सुधार के बाद धीरे-धीरे यात्रा को सामान्य किया जाएगा।
भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम
डिविजनल कमिश्नर रमेश कुमार ने बताया कि हालात अब सामान्य हो रहे हैं। जम्मू-कटड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैफिक का दबाव नियंत्रित रखने के लिए जगह-जगह पुलिस नाके लगाए जाएंगे। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और श्राइन बोर्ड लगातार मौसम की निगरानी कर रहे हैं।
युद्धस्तर पर बहाल किए गए यात्रा मार्ग
श्राइन बोर्ड की आपदा प्रबंधन टीम, सफाई कर्मचारी और संबंधित विभागों ने युद्धस्तर पर काम कर यात्रा मार्गों को दोबारा सुरक्षित और सुचारु बनाया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
अमरनाथ यात्रा के लिए भी राहत
बाबा बर्फानी के श्रद्धालुओं के लिए भी अच्छी खबर है। खराब मौसम के कारण छह दिनों से बंद बालटाल मार्ग को फिर से खोल दिया गया है। शनिवार सुबह भगवती नगर आधार शिविर से करीब 8,000 श्रद्धालुओं का जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बालटाल मार्ग के लिए रवाना होगा। हालांकि, पहलगाम मार्ग से अमरनाथ यात्रा अभी शुरू नहीं की गई है। प्रशासन ने कहा है कि मौसम और मार्ग की स्थिति का आकलन करने के बाद इस पर फैसला लिया जाएगा।
प्रशासन ने की सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और आधिकारिक दिशा-निर्देशों की जानकारी जरूर लें तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।