हरियाणा में 9 नगर निगम समेत 40 निकायों के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। हिसार और फरीदाबाद में वोटिंग को लेकर उत्साह है। मतदाता पोलिंग बूथों पर पहुंच गए हैं। वहीं गुरुग्राम में भी वोटर आने शुरू हो गए हैं।
पहले चरण में 40 स्थानीय निकायों में सुबह आठ से शाम छह बजे तक मतदान हो रहा है। 32 जगह आम चुनाव तो आठ जगह उपचुनाव है। पानीपत नगर निगम के आम चुनाव नौ मार्च को होंगे।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने डाला वोट
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने करनाल के एक मतदान केंद्र पर स्थानीय निकाय चुनाव के लिए अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। मैं सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील करता हूं।
सुबह से ही मतदाताओं की लगी लाइन
खरखोदा में सुबह से ही मतदाताओं की लाइन लगी है। निकाय चुनाव में लोग वोटिंग को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
कुरुक्षेत्र में पोलिंग बूथ पहुंचने लगे वोटर
कुरुक्षेत्र में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है।