कोलकाता/कुलतली: पश्चिम बंगाल में सत्ता और रसूख की आड़ में बाढ़ और चक्रवात पीड़ितों के हक पर डाका डालने वाले नेताओं के खिलाफ पुलिस ने देशव्यापी धरपकड़ तेज कर दी है। राज्य में प्रशासनिक फेरबदल और कड़े रुख के बाद अब जिला दर जिला टीएमसी के भ्रष्ट नेताओं की कमान कसी जा रही है। ताजा मामला दक्षिण 24 परगना जिले के कुलतली का है, जहाँ पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक स्थानीय नेता को भारी मात्रा में अवैध सरकारी राहत सामग्री और हथियारों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
धृत आरोपी की पहचान कुलतली के जलाबेड़िया ग्राम पंचायत निवासी और टीएमसी नेता कार्तिक सरदार के रूप में हुई है।
घर बना रखा था 'अवैध गोदाम', गुप्त सूचना पर पुलिस की रेड
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कार्तिक सरदार ने अपने घर में सरकारी राहत सामग्री का अवैध स्टॉक छुपा रखा है। जब पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की, तो वहाँ का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। कार्तिक के घर से न केवल भारी मात्रा में त्रिपाल (तिरपाल) और राहत सामग्री बरामद हुई, बल्कि छानबीन के दौरान जिंदा कारतूस, अवैध आग्नेयास्त्र (हथियार) और सरकारी योजनाओं के आवेदन फॉर्म भी जब्त किए गए। इतना ही नहीं, आरोपी के पास से पुलिस की एक फर्जी वर्दी भी बरामद हुई है, जिसका इस्तेमाल वह किस काम के लिए करता था, इसकी जांच की जा रही है।
जनता का फूटा गुस्सा: 'मांगने पर कहते थे माल नहीं है'
कार्तिक सरदार की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्राकृतिक आपदाओं (तूफान और बाढ़) के समय जब भी सरकार की तरफ से पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भेजी जाती थी, तो वह आम जनता तक कभी पहुंचती ही नहीं थी। "हमने अपनी आँखों से कई बार गाड़ियों में भरकर राहत सामग्री आते देखी थी, लेकिन जब हम मदद मांगने जाते थे, तो हमसे कह दिया जाता था कि 'माल खत्म हो गया है'। सारा सामान नेताजी अपने घर में डंप कर लेते थे।"
स्थानीय निवासी ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि चक्रवात के बाद जिनके घर तबाह हो गए थे, उन्हें नजरअंदाज कर टीएमसी नेता केवल अपने रिश्तेदारों और करीबियों को ही सरकारी योजनाओं का लाभ और राहत सामग्री बांट रहा था।
बीजेपी ने बोला हमला, कड़ी सजा की मांग
इस मामले को लेकर अब सियासत भी गरमा गई है। स्थानीय बीजेपी नेता माधवी हलदार ने टीएमसी पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि गिरफ्तार कार्तिक सरदार कुलतली पंचायत समिति की अध्यक्ष रूपा सरदार का करीबी रिश्तेदार है।
माधवी हलदार ने कहा, "कार्तिक के घर से सिर्फ जनता का राशन और तिरपाल ही नहीं, बल्कि पुलिस की फर्जी वर्दी और अवैध हथियार भी मिले हैं। यह साफ दिखाता है कि टीएमसी के राज में अपराधियों को किस कदर संरक्षण मिला हुआ था। हम आरोपी के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग करते हैं।"
फिलहाल, पुलिस ने आरोपी टीएमसी नेता कार्तिक सरदार को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अपनी कस्टडी में लेकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरे रैकेट और हथियार तस्करी में और कौन-कौन से रसूखदार लोग शामिल हैं।