देशभर में मानसून की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। बंगाल की खाड़ी से सक्रिय मानसून गुरुवार को बिहार पहुंच गया, जबकि अगले तीन दिनों में इसके झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में दस्तक देने की संभावना जताई गई है। 4 जून को केरल से प्रवेश करने के बाद मानसून अब तक 17 राज्यों तक पहुंच चुका है। इधर, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में गुरुवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। कई स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई।
बिहार में बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत
बिहार के 12 जिलों में आंधी और बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं, जिनमें 10 लोगों की मौत हो गई। राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने से जनजीवन प्रभावित हुआ।
22 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट, 27 राज्यों में बारिश की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर समेत 22 राज्यों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं देश के 27 राज्यों में तेज बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल समेत अधिकांश राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बारिश का दौर जारी रह सकता है।
राजस्थान में धूलभरी आंधी, दक्षिण भारत में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान के कई हिस्सों में धूलभरी आंधी चल सकती है। वहीं केरल और कर्नाटक के तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। तेलंगाना, विदर्भ और आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हीटवेव का असर बना रह सकता है और तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
NOAA ने की अल नीनो की पुष्टि
अमेरिकी मौसम एजेंसी NOAA ने अल नीनो की स्थिति बनने की पुष्टि की है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इस बार बनने वाला अल नीनो 1997 के रिकॉर्ड स्तर के बराबर या उससे भी ज्यादा प्रभावशाली हो सकता है। इसके कारण दुनिया के कई हिस्सों में मौसम के पैटर्न में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
बारिश के बावजूद 11 राज्यों में पारा 40°C के पार
प्री-मानसून गतिविधियों के बावजूद उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना समेत 11 राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।
पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 46.2°C दर्ज किया गया।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में 44.6°C तापमान रहा।
महाराष्ट्र के वर्धा में पारा 44.5°C तक पहुंच गया।
उत्तर प्रदेश के झांसी में 43.4°C और मध्य प्रदेश के खजुराहो में 43°C तापमान दर्ज किया गया।
अगले दो दिनों का मौसम पूर्वानुमान
13 जून
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तेज आंधी और बारिश की संभावना।
50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में ओलावृष्टि के आसार।
केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी।
14 जून
दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फिर मौसम बिगड़ सकता है।
बिहार, झारखंड और ओडिशा में तेज बारिश और आंधी की संभावना।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है।