नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और पश्चिमी भारत तक कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। वहीं ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड में डीप डिप्रेशन के असर से बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। 20 अगस्त को कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों में भी भारी बारिश के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में आज मध्यम बारिश का अनुमान
राजधानी दिल्ली में मानसून फिर सक्रिय नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने की संभावना है। 21, 22 और 23 अगस्त को भी दिल्ली में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यूपी में कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने से कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। आज मुजफ्फरनगर, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, हमीरपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, बांदा, फतेहपुर, कानपुर, इटावा, आजमगढ़, प्रतापगढ़, चित्रकूट, प्रयागराज, देवरिया और गोरखपुर में भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। बिहार के कई जिलों में भी भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी है। झारखंड में आज और कल बारिश के साथ तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
बंगाल और ओडिशा में भी बारिश तेज
पश्चिम बंगाल के कई जिलों में आज भारी बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में आंधी भी चल सकती है। ओडिशा में मानसून सक्रिय बना हुआ है और 21 से 25 अगस्त के बीच व्यापक बारिश होने का अनुमान है। डीप डिप्रेशन के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
MP, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी अलर्ट
मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में आज तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
पंजाब में आज और कल बारिश तथा आंधी का असर देखने को मिल सकता है। वहीं हरियाणा के कई हिस्सों में अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
पश्चिमी भारत में 25 अगस्त तक बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कोंकण और गोवा में 25 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र में आज अच्छी बारिश की संभावना है, जबकि मराठवाड़ा में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में भी 25 अगस्त तक कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 25 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
दक्षिण भारत में भी बारिश और आंधी
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में बारिश के साथ आंधी की चेतावनी है। तमिलनाडु के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड के नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत, रुद्रप्रयाग और ऊधम सिंह नगर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में भी मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच निचले इलाकों में जलभराव, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने तथा संवेदनशील इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है।