पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणाम आने के चार दिन बाद नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुक्रवार से तेज हो जाएगी। भारतीय जनता पार्टी ने अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक और मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
दोपहर में विधायक दल की बैठक, सीएम नाम पर फैसला संभव
दोनों नेता दोपहर 2 बजे होने वाली बीजेपी विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इसी बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जा सकता है। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को कोलकाता के परेड ग्राउंड में आयोजित होने की संभावना है।
सुवेंदु अधिकारी सबसे आगे
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सुवेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। उन्होंने भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को हराया है। इसके अलावा नंदीग्राम सीट से भी उन्हें जीत मिली है।
बीजेपी को स्पष्ट बहुमत
4 मई को आए चुनाव परिणामों में बीजेपी ने 293 सीटों में से 206 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) 81 सीटों पर सिमट गई। भवानीपुर सीट पर सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,114 वोटों से हराया। यह ममता बनर्जी की सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ लगातार दूसरी हार मानी जा रही है।
2021 विधानसभा चुनाव में भी सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराया था। राज्य की कुल 294 विधानसभा सीटों में से फालता सीट पर 21 मई को पुनर्मतदान होना है, जबकि उसके नतीजे 24 मई को घोषित किए जाएंगे।