कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक ऐतिहासिक मोड़ आ गया है। 25 बैसाख की सुबह कोलकाता का ब्रिगेड परेड ग्राउंड एक बड़े बदलाव का गवाह बनने जा रहा है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे प्रदेश में पहली बार भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
अमित शाह का कोलकाता दौरा और बैठकों का दौर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज सुबह कोलकाता पहुंचे, जहाँ शुभेंदु अधिकारी और सुकांत मजुमदार ने उनका स्वागत किया। दक्षिणेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद शाह सीधे सांगठनिक बैठकों में जुट गए हैं। दोपहर 4 बजे विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में नवनिर्वाचित विधायकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
दो उप-मुख्यमंत्री फॉर्मूले पर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में पहले ही कैबिनेट के ढांचे पर चर्चा हो चुकी है। चर्चा है कि उत्तर प्रदेश और अन्य भाजपा शासित राज्यों की तर्ज पर बंगाल में भी दो उप-मुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। अमित शाह आज शाम तक इन नामों पर अंतिम मुहर लगा देंगे।
विपक्ष को भी आमंत्रण: बिमान बोस और ममता को न्योता
लोकतांत्रिक परंपराओं का पालन करते हुए भाजपा इस समारोह में विपक्षी दलों को भी आमंत्रित कर रही है। खबर है कि वाम मोर्चा के चेयरमैन बिमान बोस को न्योता भेजा जा रहा है। साथ ही, प्रोटोकॉल के तहत निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी निमंत्रण पत्र भेजा जाएगा। इसके अलावा देश के दिग्गज उद्योगपतियों को भी इस समारोह में शामिल होने के लिए बुलाया गया है।
दिग्गजों का लगेगा जमावड़ा
ब्रिगेड में होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और भाजपा के कई राष्ट्रीय स्तर के चेहरे मौजूद रहेंगे। राज्य के कोने-कोने से समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।