कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से पहले चुनाव आयोग ने मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। सोमवार को राज्य की 294 में से 293 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती होगी, जबकि फाल्टा विधानसभा सीट पर फिलहाल मतगणना नहीं कराई जाएगी।
431 काउंटिंग ऑब्जर्वर तैनात
मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए चुनाव आयोग ने कुल 431 काउंटिंग ऑब्जर्वर तैनात किए हैं। इन पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी मतगणना केंद्रों पर हर चरण की निगरानी करना और किसी भी अनियमितता को रोकना होगा।
उत्तर 24 परगना में सबसे ज्यादा निगरानी
राज्य में सबसे ज्यादा काउंटिंग ऑब्जर्वर उत्तर 24 परगना जिले में तैनात किए गए हैं। यहां 33 विधानसभा सीटों के लिए 49 गणना पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। राजनीतिक संवेदनशीलता और सीटों की संख्या अधिक होने के कारण यहां अतिरिक्त निगरानी रखी गई है।
दक्षिण 24 परगना दूसरे स्थान पर
दक्षिण 24 परगना इस सूची में दूसरे स्थान पर है, जहां 31 सीटों के लिए 45 ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। हालांकि फाल्टा सीट पर मतगणना नहीं होने के कारण सोमवार को वास्तविक संख्या में बदलाव संभव है।
अलीपुरद्वार में सबसे कम ऑब्जर्वर
सबसे कम काउंटिंग ऑब्जर्वर अलीपुरद्वार जिले में लगाए गए हैं। यहां 5 विधानसभा सीटों के लिए केवल 6 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
अन्य जिलों में भी कड़ी व्यवस्था
कोलकाता उत्तर और दक्षिण की 11 सीटों पर 12 ऑब्जर्वर रहेंगे। पूर्व बर्धमान और पूर्व मेदिनीपुर की 16-16 सीटों पर 26-26 पर्यवेक्षक तैनात होंगे। नदिया की 17 सीटों पर 25, हावड़ा की 16 सीटों पर 25 और हुगली की 18 सीटों पर 24 काउंटिंग ऑब्जर्वर मौजूद रहेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था पर हाई अलर्ट
बीरभूम की 11 सीटों पर 12, बांकुड़ा की 12 सीटों पर 15, कूचबिहार की 9 सीटों पर 11 और दक्षिण दिनाजपुर की 6 सीटों पर 7 गणना पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। चुनाव आयोग ने सभी जिला अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मतगणना केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।