कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों की तस्वीर धीरे-धीरे साफ हो रही है। सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना के शुरुआती रुझानों ने कई बड़े नेताओं की धड़कनें बढ़ा दी हैं। खासतौर पर हाई-प्रोफाइल सीट भवानीपुर और नंदीग्राम से आ रहे संकेत राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव दिखा रहे हैं।
भवानीपुर-नंदीग्राम: शुभेंदु का दबदबा, ममता पर दबाव
कोलकाता की प्रतिष्ठित भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी पोस्टल बैलेट की शुरुआती गिनती में पीछे चल रही हैं। यहां बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने बढ़त बना ली है।
वहीं नंदीग्राम में भी शुभेंदु अधिकारी करीब 3,000 वोटों से आगे हैं, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।
बहरामपुर में अधीर को झटका
मुर्शिदाबाद के बहरामपुर से कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी शुरुआती राउंड में करीब 1,200 वोटों से पीछे चल रहे हैं। यहां बीजेपी ने बढ़त बनाकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।
डोमकल में CPM की मजबूत वापसी
डोमकल सीट से CPM उम्मीदवार की बढ़त ने सभी को चौंका दिया है। लंबे समय बाद इस सीट पर वाम दल की वापसी के संकेत मिल रहे हैं।
कांटे की टक्कर: TMC vs BJP
राज्य की कई सीटों पर तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है—
- महेशतला में TMC के शुभाशीष दास 13,000 वोटों से आगे
- आसनसोल दक्षिण से बीजेपी की अग्निमित्रा पॉल करीब 7,000 वोटों से आगे
- कैनिंग पश्चिम में TMC के परेशराम दास 6,000 वोटों से आगे
- मोंटेश्वर में बीजेपी के सैकत पांजा 3,400 वोटों से आगे
- देगंगा में TMC के अनीसुर रहमान 2,000 वोटों से आगे
- फालाकाटा में बीजेपी के दीपक बर्मन 2,000 वोटों से आगे
मतगणना केंद्रों पर हंगामा और देरी
कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में काउंटिंग एजेंटों की देरी से मतगणना प्रभावित हुई।
सिलीगुड़ी में पोस्टल बैलेट के ट्रंक खुले मिलने पर TMC ने गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद कुछ समय के लिए गिनती रोकनी पड़ी।
हादसा और तनाव
मतगणना के बीच भांगड़ से जादवपुर जा रहे ISF कार्यकर्ताओं की गाड़ी सेक्टर फाइव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक की मौत हो गई और कई घायल हुए।
वहीं, कई केंद्रों पर कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी और तनाव की खबरें भी सामने आई हैं।
चुनाव आयोग का बयान
चुनाव आयोग के अनुसार, राज्य के 458 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना जारी है। CCTV बंद होने की शिकायतों को तकनीकी समस्या बताते हुए जल्द ठीक कर लेने की बात कही गई है।
ममता का अलर्ट
मतगणना से पहले ममता बैनर्जी ने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का निर्देश देते हुए लोडशेडिंग की आशंका जताई थी।
महत्वपूर्ण अपडेट
फलता विधानसभा सीट पर चुनाव रद्द होने के कारण आज केवल 293 सीटों पर ही मतगणना हो रही है। इस सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होगा।