कोलकाता/नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद अब सबकी नजरें इस सवाल पर टिकी हैं कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस रहस्य को बरकरार रखा है। बुधवार को उनके कोलकाता आने का कार्यक्रम टल गया, जिससे सस्पेंस और गहरा गया है। अब शाह शुक्रवार को कोलकाता पहुंचेंगे और शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह से ठीक पहले मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाएंगे।
रेस में कौन है सबसे आगे?
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शुभेंदु अधिकारी का नाम सबसे ऊपर चल रहा है। ममता बनर्जी को लगातार दो बार हराने और पांच साल तक विपक्ष के नेता के रूप में आक्रामक भूमिका निभाने के कारण उनका दावा सबसे मजबूत माना जा रहा है। साथ ही, उनके पास प्रशासनिक अनुभव (पूर्व सिंचाई एवं परिवहन मंत्री) भी है।
हालांकि, सूत्रों के अनुसार दिल्ली में अभी भी मंथन जारी है। इस रेस में कुछ अन्य समीकरण भी देखे जा रहे हैं:
उपमुख्यमंत्री (उत्तर बंगाल): उत्तर बंगाल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए बीजेपी वहां से एक उपमुख्यमंत्री बना सकती है, जिसमें कालियागंज के विजेता उत्पल महाराज का नाम चर्चा में है।
महिला उपमुख्यमंत्री: महिला वोटरों के भारी समर्थन को देखते हुए अग्निमित्रा पॉल को भी बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। वे फिलहाल दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं।
विधायकों की 'क्लास' लेंगे अमित शाह
शुक्रवार दोपहर 1 बजे अमित शाह कोलकाता पहुंचेंगे। वे विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में नवनिर्वाचित विधायकों के साथ एक विशेष बैठक करेंगे। चूंकि बंगाल बीजेपी के पास सरकार चलाने का अनुभव नहीं है, इसलिए शाह विधायकों को शासन और प्रशासनिक कामकाज की बारीकियों का 'पाठ' पढ़ाएंगे।
ब्रिगेड मैदान में 'रवींद्र जयंती' पर शपथ ग्रहण
बीजेपी के राज्य अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के अनुसार, 9 मई (25 बैसाख) को रवींद्र जयंती के शुभ अवसर पर कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह होगा।
समय: सुबह 10:00 बजे।
अतिथि: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और 19 'डबल इंजन' राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री के जोरासांको ठाकुरबाड़ी जाने की भी संभावना है।
ममता बनर्जी के इस्तीफे न देने के अड़ियल रुख और संवैधानिक संकट के बीच, राजभवन और गृह मंत्रालय के बीच लगातार चर्चा चल रही है। अब सभी की निगाहें शुक्रवार पर टिकी हैं, जब अमित शाह बंगाल के नए 'भाग्यविधाता' के नाम का ऐलान करेंगे।