पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के सहायक चंद्रनाथ रथ की सनसनीखेज हत्या के बाद जिले के अलग-अलग हिस्सों में हिंसा और बमबारी की घटनाओं ने स्थिति को बेहद तनावपूर्ण बना दिया है।
शुभेंदु के सहायक की हत्या की जांच तेज
बुधवार रात मध्यमग्राम के दुलतला और चौमाथा के बीच दोहारिया इलाके में चंद्रनाथ रथ पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें उनकी मौत हो गई। हमले में उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा भी गंभीर रूप से घायल हैं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य के डीजीपी सिद्धीनाथ गुप्ता खुद जांच की निगरानी कर रहे हैं। गुरुवार को सीआईडी (CID) की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। रात में शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री सुकान्त मजूमदार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी।
पानीहाटी में भीषण बमबारी, 5 घायल
हिंसा की आग पानीहाटी तक फैल गई है। सेंट जेवियर्स स्कूल के पास दत्त रोड पर जब बीजेपी कार्यकर्ता जनसंपर्क कर रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन पर बम बरसाए। इस हमले में 5 बीजेपी समर्थक घायल हुए हैं, जिन्हें आरजी कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। यह घटना स्थानीय विधायक 'अभया की मां' के आवास के पास हुई। बीजेपी ने इसका आरोप तृणमूल (TMC) आश्रित गुंडों पर लगाया है, हालांकि टीएमसी ने इन आरोपों को खारिज किया है।
बसीरहाट में भी चली गोली
जिले के बसीरहाट में भी राजनीतिक हिंसा की खबर आई है। यहाँ रोहित राय उर्फ चिंटू नाम के एक बीजेपी कार्यकर्ता को गोली मार दी गई। घायल कार्यकर्ता का इलाज चल रहा है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
एक के बाद एक हुई इन घटनाओं ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। खड़दह थाना पुलिस ने केंद्रीय बलों के साथ मिलकर प्रभावित इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया है। पुलिस हर घटना के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पूरे जिले में भारी पुलिस बल तैनात है और तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।