कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में 2026 विधानसभा चुनाव के बाद बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनने के साथ ही तृणमूल कांग्रेस ने भी विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए अपनी नई रणनीति तैयार कर ली है।
TMC ने घोषित की विपक्ष की नई टीम
अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (AITC) ने 18वीं पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए अपने प्रमुख विधायी पदों की घोषणा कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में वरिष्ठ नेता शोभनदेब चट्टोपाध्याय को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष (Leader of Opposition) नियुक्त किया गया है।
दो महिला नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
तृणमूल कांग्रेस ने विपक्ष को मजबूत करने के लिए दो डिप्टी लीडर ऑफ ऑपोजिशन की भी नियुक्ति की है। पार्टी ने असीमा पात्रा और नयना बंद्योपाध्याय को यह जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी ने महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने का बड़ा संदेश देने की कोशिश की है।
फिरहाद हकीम बने चीफ व्हिप
पार्टी के वरिष्ठ नेता और ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले फिरहाद हकीम को विधानसभा में मुख्य सचेतक (Chief Whip) बनाया गया है। संगठन और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
ममता बनर्जी ने दिया विपक्षी एकता का संदेश
चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी ने भाजपा के खिलाफ सभी विपक्षी दलों को एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए वामपंथी और अतिवामपंथी दलों के साथ मिलकर लड़ने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। ममता ने कहा, “दिल्ली की तरह बंगाल में भी सभी विपक्षी दलों को साथ आना होगा।”
सीपीएम और भाजपा ने किया पलटवार
ममता बनर्जी के बयान पर सीपीएम नेता Shatarup Ghosh ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “ऐसे नेता भाजपा के खिलाफ लड़ाई में बोझ हैं।” वहीं मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी पलटवार करते हुए कहा कि ममता बनर्जी अब राजनीति में अप्रासंगिक हो चुकी हैं।
बंगाल की राजनीति में बढ़ेगी सियासी टकराव की गर्मी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नई विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखा संघर्ष देखने को मिल सकता है। भाजपा जहां अपनी नई सरकार को मजबूत करने में जुटी है, वहीं तृणमूल कांग्रेस विपक्ष में रहकर सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है।