उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 8 अगस्त को हुई रैली के बाद सभा स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर सियासी विवाद बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस के बाद अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस घटना को सामाजिक भेदभाव से जोड़ते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी।
अखिलेश यादव बोले- अपमान सहने के मूड में नहीं
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि हल्द्वानी में जिस मंच से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जनसभा को संबोधित किया था, उसका कथित तौर पर इसलिए शुद्धिकरण किया गया क्योंकि खड़गे दलित समाज से आते हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लिखा, भाजपा के राज में सामाजिक भेदभाव का ये निकृष्टतम रूप है कि हल्द्वानी में जिस मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का संबोधन हुआ, उसका कुछ प्रभुत्ववादियों ने सिर्फ़ इसलिए शुद्धीकरण किया क्योंकि खड़गे जी दलित समाज से आते हैं. भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों को ‘मंच नहीं अपने कलुषित मन का गंगाजल से शुद्धीकरण’ करना चाहिए.
उन्होंने आगे लिखा, अब कहां हैं तथाकथित समरसता की बात करनेवाले वो विभेदकारी लोग, जिन्हें समानता नहीं सुहाती. अब इस तरह के हर सामाजिक दुर्व्यवहार व मानसिक उत्पीड़न के लिए पीडीए समाज एकजुट होकर जवाब देगा. अब पीडीए समाज अपना अपमान सहने के मूड में नहीं है.
अखिलेश यादव ने इसे सामाजिक भेदभाव का निकृष्ट रूप बताते हुए कहा कि मंच का नहीं, बल्कि ऐसे लोगों को अपने विचारों और मानसिकता का शुद्धिकरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि PDA समाज अब इस तरह के सामाजिक दुर्व्यवहार और मानसिक उत्पीड़न का अपमान सहने के मूड में नहीं है।
खड़गे ने राज्यसभा में भी उठाया मुद्दा
हल्द्वानी की घटना का मुद्दा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में भी उठाया। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी जाति या धर्म के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की थी, बल्कि जनहित से जुड़े मुद्दों को अपनी सभा में उठाया था।खड़गे ने कथित शुद्धिकरण की घटना को लेकर सवाल उठाए और इसे भाजपा तथा उसके समर्थकों की मानसिकता से जोड़कर निशाना साधा।
जेपी नड्डा ने जताई असहमति, कार्रवाई की बात
खड़गे के आरोपों पर भाजपा की ओर से जेपी नड्डा ने भी असहमति जताई। उन्होंने इस तरह की घटना को लेकर कार्रवाई की बात कही है।इससे संकेत मिल रहे हैं कि मामला अब केवल स्थानीय राजनीतिक विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी राजनीतिक बयानबाजी का मुद्दा बन गया है।
8 अगस्त को हल्द्वानी में हुई थी कांग्रेस की रैली
उत्तराखंड कांग्रेस की ओर से 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था।आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर खड़गे ने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर संगठन को मजबूत करने की अपील की थी। रैली के बाद सभा स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया।