अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंबेडकरनगर में 706 करोड़ रुपये से अधिक की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने नई युवा नीति लाने, गोविंद साहब मेले को राजकीय दर्जा देने और क्षेत्र को विकास के नए कॉरिडोर से जोड़ने की बात कही। कार्यक्रम में सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर कानून-व्यवस्था और रोजगार को लेकर तीखा हमला भी बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में “नो कर्फ्यू, नो दंगा” की स्थिति है। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले दंगाइयों के सामने घुटने टेकने की स्थिति थी, जबकि मौजूदा सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास और सुशासन के साथ आगे बढ़ने का काम किया जा रहा है।
706 करोड़ की 194 परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने जलालपुर, आलापुर और टांडा विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी 706 करोड़ रुपये से अधिक की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाणपत्र और चेक भी वितरित किए गए।
युवा नीति में शिक्षा, स्किलिंग और रोजगार पर फोकस
सीएम योगी ने कहा कि सरकार जल्द ही नई युवा नीति लाने जा रही है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, स्किलिंग और रोजगार को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के आधार पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर सरकार का जोर है।
गोविंद साहब मेले को मिलेगा राजकीय दर्जा
मुख्यमंत्री ने गोविंद साहब धाम का भी जिक्र किया और कहा कि यहां लगने वाले प्रसिद्ध माघ मेले को अब राजकीय मेले की मान्यता दी जाएगी। इससे मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
अंबेडकरनगर बनेगा नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर का अहम केंद्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर के जरिए सिद्धार्थनगर के बांसी से बस्ती और प्रयागराज को जोड़ने की योजना है। आगे इसे चित्रकूट से होते हुए दक्षिण भारत तक ले जाने की योजना है, जिसमें अंबेडकरनगर महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा।
विकास को लेकर सपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सपा सरकार के दौरान प्रदेश में अवैध वसूली, भाई-भतीजावाद और कानून-व्यवस्था की समस्या थी। उन्होंने कहा कि उस समय नौकरी निकलते ही वसूली का खेल शुरू हो जाता था और योग्य युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
59 हजार करोड़ के अनुपूरक बजट का भी किया जिक्र
सीएम योगी ने विधानसभा के हालिया घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार 59 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट लेकर आई थी। इसमें युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के लिए कई योजनाओं का प्रावधान किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने सदन में हंगामा कर चर्चा में बाधा डाली।