गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर में राजकीय महिला शरणालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे। चरगांवा में करीब 8 करोड़ 5 लाख 42 हजार रुपये की लागत से तैयार इस भवन में एक साथ 100 महिलाओं के रहने की व्यवस्था होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण भी करेंगे।
8 करोड़ की लागत से बना
चरगांवा में कृषि विभाग के बीज गोदाम के समीप राजकीय महिला शरणालय के नए भवन का निर्माण कराया गया है। भवन की क्षमता 100 महिलाओं के रहने की है। यहां आवास के साथ महिलाओं के लिए आवश्यक अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।राजकीय महिला शरणालय महिला कल्याण विभाग के अधीन संचालित संरक्षणात्मक एवं आवासीय संस्था है। इसका उद्देश्य घरेलू हिंसा, संकटपूर्ण परिस्थितियों, भटकाव या अन्य सामाजिक एवं पारिवारिक परेशानियों से प्रभावित जरूरतमंद महिलाओं को सुरक्षित आश्रय, संरक्षण और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराना है।
14.87 करोड़ की लागत से बन रहा किशोर संप्रेक्षण गृह
महिला शरणालय के लोकार्पण से पहले मुख्यमंत्री निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण करेंगे। यह भवन भी चरगांवा में कृषि विभाग के बीज गोदाम के समीप बनाया जा रहा है।करीब 14 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस संप्रेक्षण गृह में 100 किशोरों के रहने की क्षमता होगी। परिसर में किशोर न्याय बोर्ड के लिए अलग ब्लॉक भी बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य फरवरी 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।