नई दिल्ली। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने कम आय वाले और डेटा की जरूरत नहीं रखने वाले मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किया है। नए नियमों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को केवल वॉइस कॉल और SMS वाले प्लान उपलब्ध कराने होंगे। इन प्लान में वैधता के हिसाब से उचित टैरिफ कटौती भी करनी होगी।
30 दिन या उससे कम वैधता वाले प्लान जरूरी
TRAI के दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (तेरहवां संशोधन) विनियम, 2026 के तहत सेवा प्रदाताओं को 30 दिन या उससे कम वैधता वाले केवल वॉइस और SMS विशेष टैरिफ वाउचर (STV) पेश करने होंगे।इसका मकसद उन ग्राहकों को विकल्प देना है, जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं है और वे केवल कॉलिंग और SMS के लिए रिचार्ज करना चाहते हैं।
मौजूदा प्लान के मुकाबले टैरिफ में भी कमी
नए ढांचे के अनुसार कंपनियों को केवल वॉइस और SMS वाले STV की कीमत तय करते समय मौजूदा वॉइस, SMS और डेटा वाले STV की वैधता अवधि के अनुरूप उचित टैरिफ कटौती करनी होगी।इससे ग्राहकों को अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से अलग-अलग वैधता अवधि वाले रिचार्ज चुनने का विकल्प मिलेगा।
हर महीने एक ही तारीख को रिन्यू हो सकेगा प्लान
TRAI ने ऐसे केवल वॉइस और SMS STV का प्रावधान भी किया है, जिसे ग्राहक हर महीने एक ही तारीख को रिन्यू करा सकेगा।अगर किसी महीने में वह तारीख उपलब्ध नहीं है, तो रिन्यूअल उस महीने की आखिरी तारीख को किया जाएगा।इसके अलावा, टेलीकॉम कंपनियों को कम अवधि और मासिक वैधता वाले विकल्पों के साथ कम से कम एक लंबी वैधता वाला केवल वॉइस और SMS STV भी उपलब्ध कराना होगा।
क्यों लिया गया यह फैसला?
TRAI के मुताबिक, दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (बारहवां संशोधन), 2024 लागू होने के बाद बाजार में केवल वॉइस और SMS वाले STV की उपलब्धता सीमित हो गई थी। जो विकल्प उपलब्ध थे, उनमें मुख्य रूप से लंबी वैधता वाले प्लान पर जोर था।ऐसे में कम आय वाले उपभोक्ताओं के लिए कम अवधि के किफायती रिचार्ज विकल्प सीमित हो गए थे। TRAI ने इसी स्थिति को देखते हुए नए प्रावधान किए हैं।
किन ग्राहकों को होगा फायदा?
इस बदलाव से खास तौर पर ऐसे उपभोक्ताओं को फायदा मिलने की उम्मीद है जो डेटा वाले बंडल प्लान नहीं लेना चाहते। कम आय वाले ग्राहक भी अपनी जरूरत के मुताबिक छोटी, मासिक या लंबी वैधता वाला केवल वॉइस और SMS प्लान चुन सकेंगे।TRAI का कहना है कि अलग-अलग वैधता अवधि में ऐसे विकल्प बढ़ने से ग्राहकों को अपनी जरूरत और भुगतान क्षमता के अनुसार रिचार्ज चुनने में ज्यादा लचीलापन मिलेगा।