लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को उत्तर प्रदेश में किसानों और टैक्सी चालकों से जुड़ी दो अहम योजनाओं की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को 6 प्रतिशत ब्याज दर पर कृषि ऋण उपलब्ध कराने की शुरुआत करेंगे। इसी कार्यक्रम में प्रदेश में ‘भारत टैक्सी’ सेवा का भी शुभारंभ किया जाएगा।
11 से 11.50% की जगह 6% ब्याज पर कृषि ऋण
उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक से अब तक कृषि ऋण करीब 11 से 11.50 प्रतिशत ब्याज पर मिलता था। नई योजना के तहत लघु और सीमांत किसान अब 6 प्रतिशत ब्याज दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण ले सकेंगे।योजना के लिए सरकार ने 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। किसान सहकारी ग्राम विकास बैंक से अधिकतम 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण ले सकेंगे।
पांच साल में 5 लाख किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री बुधवार सुबह 9:30 बजे सरकारी आवास से योजना का शुभारंभ करेंगे। योजना में नियमित रूप से ऋण चुकाने वाले पुराने ऋणियों को भी ब्याज अनुदान का लाभ दिया जाएगा।ऋण की स्वीकृति ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से होगी। सरकार ने इस योजना के जरिए अगले पांच वर्षों में 5 लाख किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
प्रदेश में शुरू होगी ‘भारत टैक्सी’ सेवा
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश में ‘भारत टैक्सी’ सेवा की भी शुरुआत करेंगे। इस सेवा से अब तक करीब 50 हजार टैक्सी चालक जुड़ चुके हैं। इनमें लगभग 40 हजार चालक लखनऊ के हैं।‘भारत टैक्सी’ सेवा अप्रैल से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर संचालित हो रही है। इसके तहत चालकों को 5 लाख रुपये तक के बीमा का लाभ देने की व्यवस्था है। खास बात यह है कि चालकों से किसी तरह का कमीशन नहीं लिया जाएगा।
कई डिजिटल प्लेटफॉर्म भी होंगे लॉन्च
कार्यक्रम के दौरान किसानों और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कई डिजिटल प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किए जाएंगे। इनमें मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का ई-पोर्टल, सहकारिता विभाग का ‘ऊर्वरक सेतु’ मोबाइल एप और उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव डेटाबेस सेंटर का मोबाइल एप शामिल है।