लखनऊ। सावन के पवित्र महीने में चल रही कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक विशेष ‘पाती’ लिखी है। कांवड़ यात्रा को समरसता का महापर्व बताते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, समाज और संस्कृति की जीवंत पाठशाला है. यह करोड़ों श्रद्धालुओं को शिवभक्ति के सूत्र में जोड़ती है.
भगवा वस्त्र और शिवभक्ति बनती है कांवड़ियों की पहचान
मुख्यमंत्री योगी ने पाती में लिखा, ''भगवा वस्त्र, कंधे पर कांवड़ और हृदय में भोलेनाथ की भक्ति-एक है हर कांवड़िए की पहचान. पैदल चलते कदम अलग हो सकते है, लेकिन सभी का लक्ष्य सिर्फ महादेव का जलाभिषेक ही है. कांवड़ यात्रा में जाति, वर्ग, भाषा और क्षेत्र के भेद गौण हो जाते हैं. कांवड़ यात्रा सनातन संस्कृति के समभाव और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण है. तप से चरित्र दमकता है, सेवा से समाज संवरता और एकता से राष्ट्र निखरता है. दिव्यांग शिवभक्तों का समर्पण देखकर मन श्रद्धा से भर उठता है.
कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सरकार तैयार
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए यूपी सरकार कृतसंकल्पित है. कांवड़ यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल और चिकित्सा समेत सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित हैं. कांवड़ियों के स्वागत में पुष्पवर्षा, यात्रा मार्गों पर विशेष इंतजाम हैं. शिवभक्तों की सुगम यात्रा के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन और सतत निगरानी की जा रही है.
कांवड़ियों से सीएम ने की अपील
मुख्यमंत्री ने अपील की कि कांवड़ यात्रा को सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा का उत्सव बनाएं. पर्यावरण-अनुकूल कांवड़ अपनाएं, प्लास्टिक मुक्त जीवन का लें संकल्प. कांवड़िए से अपील की कि एंबुलेंस और विद्यालय वाहनों को प्राथमिकता दें।