मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को करीब 30 मिनट के दौरे पर मेरठ पहुंचे। मोदीपुरम स्थित शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर हेलिकॉप्टर से पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री कार से दुल्हैडा चुंगी पहुंचे। यहां उन्होंने हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया।
दुल्हैडा चुंगी पहुंचकर कांवड़ियों पर बरसाए फूल
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन ने पहले से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे। दुल्हैडा चुंगी स्थित पुलिस चौकी के पास कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सीएम योगी ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की। इस दौरान शिवभक्तों ने ‘बोल बम’ के जयकारे लगाए।
करीब 30 मिनट मेरठ में रहे सीएम योगी
मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर सुबह करीब 12:22 बजे मोदीपुरम स्थित शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर उतरा। इसके बाद वह कार से दुल्हैडा चुंगी पहुंचे। पुष्प वर्षा के बाद मुख्यमंत्री वापस हेलीपैड के लिए रवाना हो गए।
सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन रहा अलर्ट
सीएम योगी के दौरे को देखते हुए शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड से दुल्हैडा चुंगी तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कांवड़ मार्ग पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए। कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा एजेंसियां भी निगरानी करती रहीं।
मंच के सामने ड्रोन उड़ने से मचा हड़कंप
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान मंच के सामने एक ड्रोन काफी देर तक उड़ता दिखाई दिया। बिना अनुमति ड्रोन उड़ने की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया। ड्रोन संचालक की तलाश शुरू की गई।
माइक से कराया गया ड्रोन नीचे उतारने का ऐलान
सुरक्षा कर्मियों ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान कार्यक्रम स्थल पर लगे माइक से घोषणा कराई गई कि ड्रोन उड़ाने वाला व्यक्ति उसे तत्काल नीचे उतार ले। घोषणा के कुछ देर बाद ड्रोन को नीचे उतार लिया गया।