संतकबीरनगर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को संतकबीरनगर के दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री यहां 684 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 201 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से खलीलाबाद और मेंहदावल विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
दोपहर 2:30 बजे कांशीराम स्टेडियम में कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 2:30 बजे मान्यवर श्री कांशीराम जी स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचेंगे। यहीं आयोजित कार्यक्रम में वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लाभार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
खलीलाबाद और मेंहदावल को मिलेगी विकास की सौगात
सीएम योगी जिन 201 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, उनका लाभ मुख्य रूप से खलीलाबाद और मेंहदावल विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगा। इन योजनाओं के जरिए क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।
योजनाओं के लाभार्थियों को देंगे प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित कर सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी दे सकते हैं।
प्रशासन ने कसी कमर
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कार्यक्रम स्थल और आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। अधिकारियों की ओर से कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
गोरखपुर भी जाएंगे सीएम योगी
संतकबीरनगर के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर भी जाएंगे। वहां करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सड़क परियोजना का लोकार्पण प्रस्तावित है। इस तरह मुख्यमंत्री के दौरे में दोनों जिलों को कुल 754 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है।