लखनऊ। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए प्रभारी सचिवों की नियुक्ति की है। पार्टी ने अभिषेक दत्त, कुणाल चौधरी, जगदीश चंद्र जांगिड़, संजीव आर्य, वरुण चौधरी और अब्दुल हन्नान को उत्तर प्रदेश का प्रभारी सचिव नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के बाद पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे कार्य- कुणाल चौधरी
कुणाल चौधरी ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भावनाओं, पार्टी की गौरवशाली विचारधारा और देश के लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों, संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य में कांग्रेस संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने तथा जनता के बीच कांग्रेस की आवाज को मजबूती से पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
कुणाल चौधरी ने आभार व्यक्त किया
कुणाल चौधरी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, साथियों, शुभचिंतकों और कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के स्नेह, विश्वास और सहयोग ने उन्हें सदैव नई ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि संविधान, लोकतंत्र और देश की गंगा-जमुनी तहजीब की रक्षा के संकल्प के साथ सभी को मिलकर एक मजबूत, समावेशी और न्यायपूर्ण भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना है।