अंबेडकरनगर। उत्तरप्रदेश के अंबेडकरनगर में रविवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरूआ गांव में 95 वर्षीय इंद्रावती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इंद्रावती उत्तरप्रदेश पुलिस में एसपी (मुख्यालय) के पद पर तैनात IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां थीं।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि इंद्रावती की लूट के बाद हत्या की गई और उनके शरीर से सोने के आभूषण गायब हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर के अंदर मिला 95 वर्षीय महिला का शव
घटना की जानकारी रविवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस को दी गई। परिजनों के मुताबिक, इंद्रावती का शव घर के अंदर पड़ा मिला। उनके मुंह से खून निकल रहा था।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
गले और कान के जेवर मिले गायब
परिजनों के अनुसार, इंद्रावती के शरीर से कई आभूषण गायब मिले। इनमें सोने की चेन, सोने के दानों वाली तुलसी की माला, नाक की कील और कान के टॉप्स शामिल हैं। पैरों में पहनी जाने वाली पायल भी नहीं मिली।मुंह से खून निकलने और आभूषण गायब होने की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला की हत्या करने के बाद जेवर लूटे गए।
IPS अधिकारी बेटे को दी गई घटना की जानकारी
इंद्रावती के बेटे आशुतोष मिश्रा उत्तर प्रदेश पुलिस में एसपी (मुख्यालय) के पद पर तैनात हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह लखनऊ से अपने गांव पहुंचे।परिजनों ने शव की स्थिति देखने के बाद पुलिस को सूचना दी और हत्या के साथ लूट की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
हत्या और लूट का केस दर्ज
मालीपुर पुलिस ने परिजनों की सूचना के आधार पर हत्या और लूट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनके आभूषण कहां गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, महिला की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, शव की स्थिति और गायब आभूषणों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।पुलिस घटना के पीछे लूट, हत्या और अन्य संभावित कारणों को लेकर भी जांच कर रही है। मामले में संदिग्धों की तलाश और पूछताछ की कार्रवाई की जा रही है।