नोएडा। कांवड़ यात्रा को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर जिले में मंगलवार को सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। प्रशासन के निर्देश के मुताबिक जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में मंगलवार को अवकाश रहेगा। आदेश का पालन नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
मंगलवार को सभी स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि शासन के निर्देश के अनुसार कांवड़ यात्रा को देखते हुए मंगलवार को स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। सभी शिक्षण संस्थानों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी स्कूल के मंगलवार को खुले होने की जानकारी मिलती है तो संबंधित संस्थान के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को कई निजी स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई
कांवड़ यात्रा के कारण सोमवार को जिले के कुछ निजी स्कूलों ने बच्चों की कक्षाएं ऑनलाइन मोड में संचालित कीं। अभिभावकों के मुताबिक स्कूलों की ओर से ग्रुप में संदेश भेजकर ऑनलाइन क्लास की जानकारी दी गई थी। वहीं, सरकारी स्कूलों में सोमवार को सामान्य दिनों की तरह कक्षाएं संचालित हुईं।
कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों की एंट्री बंद
कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
जेवर, जहांगीरपुर, दनकौर और रबूपुरा क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई गई है। प्रमुख चौराहों, संपर्क मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
जेवर-खुर्जा मार्ग पर भारी वाहनों का डायवर्जन
जेवर क्षेत्र में कांवड़ियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए जेवर-खुर्जा मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही सोमवार सुबह से बंद कर दी गई। पुलिसकर्मी मार्गों पर लगातार निगरानी कर रहे हैं और वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
दनकौर और रबूपुरा में भी बढ़ी निगरानी
दनकौर और रबूपुरा क्षेत्र में भी कांवड़ मार्गों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। पुलिसकर्मियों को जाम की स्थिति से बचने और कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने डीएम मेधा रूपम के साथ प्रमुख कांवड़ मार्ग और नानकेश्वर महादेव मंदिर का दौरा किया। अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और किसी भी स्थिति में मार्गों पर अनावश्यक जाम न लगने दिया जाए।
यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में भारी वाहन चालकों को प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचने और पुलिस द्वारा बताए गए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।