प्रयागराज। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज पहुंचेंगे। यहां वह ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम को पूर्वांचल के युवाओं से जुड़ने और आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम बताया है।
शाम 6:30 बजे छात्रों से करेंगे संवाद
राहुल गांधी शाम 6:30 बजे से रात 8:30 बजे तक केपी इंटर कॉलेज मैदान में छात्रों के बीच रहेंगे। इस दौरान वह प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर छात्रों से बातचीत करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करीब 2 लाख छात्रों के रजिस्ट्रेशन होने का दावा किया गया है। प्रयागराज लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं का बड़ा केंद्र रहा है।
3:30 बजे स्वराज भवन पहुंचेंगे राहुल
छात्र संवाद कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी शाम करीब 3:30 बजे अपने पैतृक आवास स्वराज भवन पहुंचेंगे। यहां वह लगभग ढाई घंटे रुकेंगे। इस दौरान कांग्रेस के सांसदों, विधायकों, प्रदेश प्रभारी, सहप्रभारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा करेंगे।
2027 विधानसभा चुनाव पर भी फोकस
प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम को कांग्रेस की उत्तर प्रदेश में राजनीतिक सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी के कई बड़े नेता पहले ही प्रयागराज पहुंच चुके हैं। शनिवार को प्रदेश के करीब 25 जिलों के शहर और जिला अध्यक्षों के अलावा कांग्रेस के प्रदेश के सभी छह सांसद और कई वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
पूर्वांचल के युवाओं पर कांग्रेस की नजर
प्रयागराज में करीब दो लाख छात्र अलग-अलग डेलीगेसियों और हॉस्टल में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। इनमें बड़ी संख्या पूर्वांचल के युवाओं की है। ऐसे में राहुल गांधी का छात्र संवाद कांग्रेस के लिए पूर्वांचल के युवा वोटरों तक पहुंच बनाने का महत्वपूर्ण मौका माना जा रहा है। प्रयागराज में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अलावा मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान और भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान जैसे प्रमुख संस्थान भी हैं, जहां देशभर से छात्र पढ़ने आते हैं।
राहुल गांधी का कार्यक्रम
3:30 बजे: स्वराज भवन पहुंचेंगे
6:30 बजे: ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में पहुंचेंगे
6:30 से 8:30 बजे: छात्रों से सीधा संवाद
मुख्य मुद्दे: पेपर लीक, भर्ती में देरी, कथित भ्रष्टाचार और बेरोजगारी