रामपुर/लखनऊ। समाजवादी पार्टी के महासचिव शिवपाल यादव आज रामपुर दौरे पर रहेंगे। वह सुबह करीब 11 बजे रामपुर पहुंचेंगे, जहां उनका कई महत्वपूर्ण लोगों से मुलाकात का कार्यक्रम है। शिवपाल यादव के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
जिला जेल में आजम खान से करेंगे मुलाकात
रामपुर पहुंचने के बाद शिवपाल यादव जिला जेल में बंद आजम खान से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम से भी मुलाकात करेंगे।
बताया जा रहा है कि शिवपाल यादव का तंजीन फातिमा और अदीब आजम से मिलने का भी कार्यक्रम है। इस दौरान वह परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उनका हालचाल जानेंगे।
आजम खान के घर भी जाएंगे शिवपाल यादव
जेल में मुलाकात के बाद शिवपाल यादव आजम खान के घर जाकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर सकते हैं। उनके इस दौरे को सियासी लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जौहर यूनिवर्सिटी भी जाएंगे
शिवपाल यादव के रामपुर दौरे में जौहर यूनिवर्सिटी का कार्यक्रम भी शामिल है। यहां वह यूनिवर्सिटी प्रशासन से मुलाकात करेंगे और विभिन्न मुद्दों पर बातचीत करेंगे।
शिवपाल के दौरे को लेकर पुलिस अलर्ट
सपा महासचिव के रामपुर पहुंचने को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। उनके कार्यक्रम वाले स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। जिला जेल और जौहर यूनिवर्सिटी समेत प्रमुख स्थानों पर पुलिस की तैनाती की गई है।
प्रशासन की ओर से शिवपाल यादव के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी जरूरी तैयारियां की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।