लखनऊ। उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए महिला पुलिसकर्मियों की बढ़ती संख्या और तीन नई महिला PAC बटालियन के गठन की जानकारी दी।
तीन नई महिला PAC बटालियन का गठन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वीरांगनाओं के जीवन और उनके बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में तीन नई महिला PAC बटालियन तैयार की जा रही हैं। इन बटालियनों का नाम वीरांगनाओं के नाम पर रखा गया है। बदायूं में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर महिला PAC वाहिनी के गठन का काम लगभग पूरा हो चुका है। यहां रानी अवंती बाई की अश्वारोही प्रतिमा लगाने का कार्य भी अंतिम चरण में है। इसी तरह लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी और गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर महिला PAC बटालियन तैयार की जा रही हैं। दोनों स्थानों पर संबंधित वीरांगनाओं की अश्वारोही प्रतिमाएं लगाने का काम भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
10 हजार से बढ़कर 45 हजार के पार पहुंची महिला पुलिस
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश पुलिस बल में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या करीब 10 हजार थी। अब यह संख्या बढ़कर 45 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 20 प्रतिशत बेटियों की भर्ती अनिवार्य की गई है। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था में अधिक अवसर देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को केवल सुरक्षा देना ही सरकार का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मान, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी दिया जा रहा है।
रानी अवंती बाई के बलिदान को किया याद
रानी अवंती बाई लोधी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1857 में रानी अवंती बाई की उम्र महज 27 वर्ष थी। इतनी कम उम्र में उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया और देश के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। सीएम योगी ने कहा कि रानी अवंती बाई का जीवन आज के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उनके साहस और देशभक्ति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है।
महिला सुरक्षा और स्वावलंबन पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना सरकार की प्राथमिकता है। महिला पुलिस बल में बढ़ती भागीदारी को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। तीन नई महिला PAC बटालियन के गठन और पुलिस बल में महिला कर्मियों की संख्या में हुए इजाफे को प्रदेश में महिला सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल के तौर पर देखा जा रहा है।