लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश जहां लोगों को उमस से राहत दे रही है, वहीं कई जिलों में यह जानलेवा साबित हो रही है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मकान और दीवार गिरने की घटनाओं में 16 लोगों की मौत हो गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को भी प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 18 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। लगातार बारिश के कारण कई शहरों में जलभराव, सड़क धंसने, नदियों के उफान और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है।
प्रतापगढ़ में एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत
प्रतापगढ़ के माधोगंज महुली गांव में बुधवार रात तेज बारिश के दौरान एक मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दंपती, उनका बेटा, बहू और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। बाराबंकी के गुलचप्पा कला गांव में सड़क किनारे खेल रहे बच्चों पर मकान की दीवार गिर गई, जिसमें सगे भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे घायल हुए हैं।
150% ज्यादा बारिश, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 19.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 150 प्रतिशत अधिक है। इटावा में सबसे ज्यादा 126 मिमी, बहराइच में 95 मिमी, मिर्जापुर में 90 मिमी, वाराणसी में 85.6 मिमी और हमीरपुर में 71 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
नदियां उफान पर, खेत और गांव जलमग्न
लगातार बारिश से प्रदेश की प्रमुख नदियां भी खतरे के निशान के करीब पहुंच रही हैं। लखीमपुर खीरी में शारदा नदी अब तक करीब 50 एकड़ जमीन काट चुकी है। बलिया में सरयू नदी के कटान से 27 घर बह चुके हैं। फर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है, जिससे 33 गांव और 40 सरकारी स्कूल बाढ़ के पानी से प्रभावित हुए हैं।
वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ा
वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। करीब 40 से 50 छोटे मंदिरों में पानी प्रवेश कर चुका है, जबकि प्रसिद्ध रत्नेश्वर महादेव मंदिर आधे से अधिक जलमग्न हो गया है।
आज इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इनमें 18 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी किनारों और कमजोर भवनों से दूर रहने तथा प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।