लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश, आकाशीय बिजली और बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहानि, पशु हानि और आर्थिक नुकसान का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अतिवृष्टि, आकाशीय बिजली और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से हुई जनहानि, पशु हानि और संपत्ति के नुकसान का तत्काल आकलन किया जाए तथा 24 घंटे के भीतर पात्र प्रभावितों को मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
अधिकारियों को फील्ड में रहने के निर्देश
सीएम योगी ने कहा कि सभी वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का लगातार दौरा करें, पीड़ित परिवारों से संवाद बनाए रखें और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते हुए हर संभव सहायता सुनिश्चित करें।
प्रदेशवासियों से सावधानी बरतने की अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि आकाशीय बिजली के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। साथ ही भारी बारिश के दौरान नदियों, तालाबों और जलाशयों में स्नान या जाने से बचें तथा प्रशासन और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करें।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें प्रमुख रूप से आगरा, अलीगढ़, अमेठी, औरैया, अयोध्या, बागपत, बांदा, बाराबंकी, भदोही, बुलंदशहर, चित्रकूट, इटावा, फतेहपुर, फिरोजाबाद, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हमीरपुर और हापुड़ समेत कई जिले शामिल हैं।
प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन, राहत एवं बचाव एजेंसियों और संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत कार्य शुरू किए जा सकें और जनहानि को न्यूनतम रखा जा सके।