वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार दोपहर रनवे में अचानक तकनीकी गड़बड़ी सामने आने के बाद विमानों की आवाजाही प्रभावित हो गई। सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट प्रशासन ने रनवे को कुछ समय के लिए बंद कर दिया, जिसके चलते वाराणसी आने वाली कई उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा। वहीं कुछ उड़ानों को उनके मूल एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया।
दिल्ली से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-5025 करीब आधे घंटे तक वाराणसी के आसमान में चक्कर लगाती रही। रनवे पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के बाद विमान को अयोध्या डायवर्ट कर दिया गया। इसी तरह अहमदाबाद से वाराणसी आ रही इंडिगो की 6E-6805 और नवी मुंबई से आने वाली 6E-2442 को लखनऊ डायवर्ट किया गया।
पायलट ने रनवे में गड़बड़ी की दी जानकारी
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता के मुताबिक, एक विमान के लैंड करने के बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को रनवे में गड़बड़ी की जानकारी दी। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट की तकनीकी टीम ने रनवे का निरीक्षण किया। गड़बड़ी मिलने के बाद एहतियातन विमानों का संचालन रोक दिया गया। बताया गया कि इन दिनों रात के समय रनवे की मरम्मत का काम चल रहा है। इसी दौरान मरम्मत में इस्तेमाल होने वाला कुछ सामान रनवे पर रह गया था। इसे हटाने के साथ रनवे की सफाई का काम शुरू कराया गया।
तीन उड़ानों को एयरपोर्ट पर ही रोका गया
रनवे बंद होने का असर वाराणसी आने वाली अन्य उड़ानों पर भी पड़ा। अयोध्या, दिल्ली और लखनऊ से वाराणसी के लिए रवाना होने वाली तीन फ्लाइट्स को संबंधित एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। वहीं जो विमान वाराणसी के हवाई क्षेत्र में पहुंच चुके थे, उन्हें परिस्थितियों के अनुसार दूसरे एयरपोर्ट की ओर भेजा गया।
एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से पहले दोपहर 3 बजे के बाद उड़ानों का संचालन बहाल होने की उम्मीद जताई गई थी, लेकिन सफाई और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने में समय लगने के कारण संचालन प्रभावित रहा।
एयरलाइंस काउंटर पर यात्रियों की भीड़
फ्लाइट्स डायवर्ट और रोके जाने के बाद एयरपोर्ट पर यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। उड़ानों की स्थिति जानने के लिए यात्री एयरलाइंस के काउंटर पर पहुंचते रहे। कई यात्रियों को अपनी फ्लाइट के नए शेड्यूल और आगे की यात्रा को लेकर जानकारी का इंतजार करना पड़ा। वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों के परिजन भी फ्लाइट की स्थिति जानने के लिए एयरलाइन कर्मचारियों से संपर्क करते नजर आए।
एयरपोर्ट विस्तार का भी चल रहा काम
वाराणसी एयरपोर्ट के विस्तार का काम करीब 2,870 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। परियोजना के तहत नई और बड़ी टर्मिनल बिल्डिंग तैयार की जा रही है, जिससे एयरपोर्ट की यात्री क्षमता में इजाफा होगा। वर्तमान में करीब 2,750 मीटर लंबे रनवे को बढ़ाकर 4,000 मीटर से अधिक करने की योजना है। इसके अलावा एयरपोर्ट पर रनवे अंडरपास का निर्माण भी किया जा रहा है। विस्तार पूरा होने के बाद बड़े विमानों के संचालन और यात्रियों की सुविधाओं में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।