गोरखपुर: उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कई राजनीतिक आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपना नेतृत्व बदलने की जरूरत है, क्योंकि जनता का विश्वास खो चुके नेतृत्व में बदलाव होना चाहिए। सपा पर हमला बोलते हुए योगी ने किसानों के मुद्दे पर पिछली सरकार को घेरा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में 9.18 लाख किसानों के खातों में 493 करोड़ रुपये की राहत राशि ट्रांसफर की।
9.18 लाख किसानों के खातों में 493 करोड़ रुपये ट्रांसफर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गोरखपुर में किसानों को राहत राशि वितरित करने के कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां से उन्होंने प्रदेश के 9.18 लाख किसानों के बैंक खातों में कुल 493 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।यह राशि बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और चक्रवात के कारण फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए दी गई है। सरकार का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें फसल खराब होने से हुए नुकसान से उबरने में मदद मिल सके।
योगी बोले- कांग्रेस को अपना नेतृत्व बदलना चाहिए
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करती है।उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस इस तरह की राजनीति से बाज नहीं आई तो जनता उसका बचा-खुचा राजनीतिक अस्तित्व भी समाप्त कर देगी। योगी ने कांग्रेस के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस नेतृत्व पर जनता का विश्वास नहीं रह गया है, उसे बदलने की आवश्यकता है।
सपा सरकार पर किसानों की मदद में गड़बड़ी का आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने हुदहुद तूफान का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय केंद्र सरकार ने किसानों की सहायता के लिए 3,200 करोड़ रुपये दिए थे, लेकिन उनके मुताबिक केवल 800 करोड़ रुपये ही बांटे गए और बाकी रकम का दुरुपयोग हुआ।योगी ने आरोप लगाया कि किसानों के साथ हुए अन्याय का असर सपा सरकार पर पड़ा और उसे सत्ता से बाहर होना पड़ा।
मिशन शक्ति के तहत जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
किसानों को राहत राशि ट्रांसफर करने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिशन शक्ति के छठे चरण के तहत आयोजित जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में 500 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया।