चंपावत जनपद चंपावत में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ खिलाड़ियों और युवाओं को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
छमनिया में गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का संचालन
इस पहल के तहत छमनिया में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज यानी गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज के क्रियान्वयन की प्रक्रिया जारी है। कॉलेज के प्रथम सत्र के लिए चयनित बच्चों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे जिले की बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और बेहतर प्रशिक्षण हासिल करने का अवसर मिलेगा।
इसके साथ ही करीब 9.52 करोड़ रुपये की लागत से स्विमिंग पूल शूटिंग रेंज और लॉन टेनिस कोर्ट के निर्माण की दिशा में भी कार्य प्रगति पर है। इन खेल सुविधाओं के विकसित होने के बाद जिले के खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों के लिए बेहतर और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध हो सकेगा।
छोटे खेल मैदानों को मिनी स्टेडियम में बदलने की तैयारी
चंपावत में खेलों के व्यापक विकास के लिए छोटे खेल मैदानों को चरणबद्ध तरीके से मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को उनके आसपास ही खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
वहीं खिलाड़ियों और कोचों के प्रशिक्षण तंत्र को मजबूत करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने में मदद मिलेगी।
अग्निवीर की तैयारी कर रहे युवाओं को भी मिलेगा लाभ
खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ अग्निवीर परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं की शारीरिक दक्षता को बेहतर बनाने के लिए प्रमुख स्थानों पर ओपन जिम स्थापित करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। इससे युवाओं को नियमित शारीरिक अभ्यास के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
एडवेंचर स्पोर्ट्स को भी मिलेगा बढ़ावा
चंपावत में खेल गतिविधियों के साथ-साथ एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। पर्यटन विभाग और तकनीकी एजेंसियों के माध्यम से राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग और पैरामोटरिंग जैसी गतिविधियों को विकसित करने तथा इनके प्रशिक्षण की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है।
इससे जिले में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खेल और साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में चंपावत की संभावनाओं को विकसित करने से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं।
जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने और एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए चल रही इन योजनाओं से आने वाले समय में चंपावत के खिलाड़ियों और युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।