हरिद्वार : बहादराबाद क्षेत्र में देर शाम बाइक मिस्त्री की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। शांतरशाह में अपनी दुकान पर बैठे 26 वर्षीय हैप्पी पर दो नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हैप्पी को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया जहां से हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
वारदात से इलाके में तनाव
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपी पैदल ही दुकान तक पहुंचे थे और अचानक हैप्पी पर फायरिंग कर दी। घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक हैप्पी का व्यवहार सभी के साथ अच्छा था और उसकी किसी से रंजिश की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस व्यक्तिगत रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है वहीं वारदात से इलाके में तनाव और चिंता का माहौल है।