चंपावत : मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा चंपावत के धूरा स्थित रामलीला मैदान में रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी खराब मौसम की परवाह किए बिना कार्यक्रम में पहुंचकर महिलाओं से रक्षा सूत्र बंधवाया और उन्हें रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
खराब मौसम के चलते सड़क मार्ग से पहुंचे मुख्यमंत्री
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पहले हेलीकॉप्टर से पहुंचना था लेकिन मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद मुख्यमंत्री टनकपुर हेलीपैड से कार के माध्यम से कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए। सड़क मार्ग से आने के कारण वह कार्यक्रम में कुछ देरी से पहुंचे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर पारंपरिक वेशभूषा में पहुंची महिलाओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
महिलाओं को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रामलीला मैदान में उपस्थित सभी बहनों को रक्षाबंधन पर्व की बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रदेश की सभी महिलाओं के लिए एक भाई के नाते हर प्रकार की मदद के लिए हमेशा तैयार रहेंगे। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
देहरादून में बनेगा महिलाओं के उत्पादों के लिए विशेष स्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सशक्त बहना योजना के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को विभिन्न कार्यक्रमों में स्टॉल लगाकर बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि जल्द ही देहरादून में पूरे उत्तराखंड की महिलाओं के लिए एक ऐसा स्थान बनाया जाएगा जहां महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को एक ही स्थान पर उचित दामों में बेचा जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि इससे महिला समूहों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मदद मिलेगी। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।